महाराष्ट्र में लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत नहीं- असलम शेख 

There is no need for a law against love jihad in Maharashtra - Aslam Sheikh
महाराष्ट्र में लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत नहीं- असलम शेख 
महाराष्ट्र में लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत नहीं- असलम शेख 

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  प्रदेश में लव जिहाद के मुद्दे पर महाविकास आघाड़ी सरकार और विपक्षी दल भाजपा आमने-सामने नजर आ रही है। शनिवार को प्रदेश के वस्त्रोद्योग मंत्री असलम शेख ने कहा कि महाराष्ट्र में लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हर इंसान को अपने हिसाब से अपना साथी चुनने का अधिकार है। देश धर्म के हिसाब से नहीं बल्कि संविधान के अनुसार चलता है। हर व्यक्ति जिस प्रदेश में जाकर रहना चाहता है वह रह सकता है। जिसके साथ वह शादी करना चाहता है उससे वह विवाह कर सकता है। जिसको जो धर्म अपनाना वो अपना सकता है। इसके अलावा यदि विवाह के लिए कोई जोर जबरदस्ती करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून में कार्रवाई का प्रावधान है।

शेख ने कहा कि मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लव जिहाद के मुद्दे को आगे कर रही है। लेकिन इस तरह की बातें करके पूरे देश के सामने अपनी नाकामी छिपाने से कुछ होने वाला नहीं है। इसके जवाब में भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि हम लव जिहाद के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्तावित कानून का समर्थन करते हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर महाराष्ट्र में कानून बनाने के लिए राज्य विधानसभा में प्रस्ताव रखेगी। सोमैया ने कहा कि लव जिहाद पर मंत्री शेख ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया है वही भाषा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी बोलेंगे। सत्ता में आने के बाद शिवसेना के रंग बदल चुके हैं। भाजपा प्रदेश में लव जिहाद को नहीं चलने देगी। वहीं भाजपा विधायक व प्रवक्ता राम कदम ने कहा कि कहां गया शिवसेना का हिंदुत्व? शिवसेना के नेता सत्ता के लालच में शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहब ठाकरे की लव जिहाद पर सभी बातों को भूल गए हैं क्या? लव जिहाद के नाम पर नारी के जान लेना और उसे प्रताड़ित करने को क्या शिवसेना समर्थन करती है? 

Created On :   21 Nov 2020 12:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story