संदीप सिंह ने किससे बात करने के लिए भाजपा कार्यालय में किया 53 बार फोन-सावंत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में चर्चा में आए फिल्म निर्माता संदीप सिंह से भाजपा के गहरे रिश्ते हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में 53 बार फोन किए थे। उन्होंने सवाल किया कि यह संदीप सिंह कौन है और भाजपा कार्यालय में उसका बॉस कौन है? कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा से उसकी इतनी नजदीकी क्यों हैं ?इन सवालों के जवाब जनता को मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में ड्रग्स कनेक्शन के संदर्भ में जांच के दायरे में आया संदीप सिंह कभी भी लंदन भाग सकता है। इस तरह की खबरें मीडिया में आ रही हैं। ड्रग्स डीलिंग को लेकर संदीप सिंह का नाम जोड़ा गया है। ऐसे में भाजपा के साथ उसके संबंध को देखते हुए इसकी जांच की जानी चाहिए कि कहीं भाजपा व ड्रग्स माफियाओं का कोई संबंध तो नहीं है। इससे जुड़ा सच सामने आना चाहिए। सावंत ने कहा कि संदीप सिंह ने 1 सितंबर से 23 दिसंबर 2019 के दौरान महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में 53 बार फोन किया था। वह भाजपा कार्यालय में किससे बात करता था? भाजपा में संदीप सिंह का हैंडलर कौन है? इसका उत्तर मिलना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि संदीप सिंह व भाजपा के संबंध इतने प्रगाढ़ थे कि भाजपा ने उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फिल्म बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए गुजरात सरकार ने उसकी लेजेंड ग्लोबल स्टूडियो नामक कंपनी के साथ 177 करोड़ रुपए का सामंजस्य करार किया था। इस करार के लिए सिर्फ संदीप सिंह की कंपनी को क्यों चुना गया अन्य फिल्मी कंपनियों को ‘वाईब्रेंट गुजरात सम्मेलन’ में क्यों नहीं शामिल किया गया? श्री सावंत ने दावा किया कि साल 2018 में नाबाबलिग बच्चों के लैंगिक शोषण में भी संदीप सिंह का नाम सामने आया था। इतने विवादित व्यक्ति को बायोपिक बनाने का जिम्मा क्यों दिया गया। यह आश्चर्यजनक है।इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। संदीप सिंह की दोस्त रिया चक्रवर्ती के जो व्हाट्सएप संदेश सामने आए हैं, वह भाजपा सरकार के समय के हैं। इसलिए बॉलीवुड व ड्रग्स माफिया के संबंधों की जांच की मांग करनेवाली भाजपा की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
65 दिनों में संदीप सिंह की क्यों नहीं की जांचः राम कदम
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता व विधायक राम कदम ने कांग्रेस प्रवक्ता के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि सुशांत सिंह मामले की जांच 65 दिनों तक मुंबई पुलिस के पास थी, उस समय संदीप सिंह की जांच क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार क्यों रिया चक्रवर्ती के प्रवक्ता की तरह काम कर रही है। उसे बचाने की कोशिश क्यों कर रही है। भाजपा विधायक ने कहा कि सरकार आप की है, गृहमंत्री आप के हैं फिर इस मामले की जांच क्यों नहीं कराते।
Created On :   29 Aug 2020 6:15 PM IST