जश्न के बीच ट्रेनों का स्वागत, धूमधाम से हुईं रवाना  सौगात, सिवनी की हुईं पातालकोट व पेंचव्हेली एक्सप्रेस, बैतूल तक सीधी रेल सेवा भी शुरू 

Trains welcomed amid celebrations, gifts left with fanfare, Patalkot and Penchveli Express of Seoni, direct train service also started till Betul
जश्न के बीच ट्रेनों का स्वागत, धूमधाम से हुईं रवाना  सौगात, सिवनी की हुईं पातालकोट व पेंचव्हेली एक्सप्रेस, बैतूल तक सीधी रेल सेवा भी शुरू 
मध्य प्रदेश जश्न के बीच ट्रेनों का स्वागत, धूमधाम से हुईं रवाना  सौगात, सिवनी की हुईं पातालकोट व पेंचव्हेली एक्सप्रेस, बैतूल तक सीधी रेल सेवा भी शुरू 

डिजिटल डेस्क, सिवनी। सिवनी के लिए शुक्रवार का दिन सौगात भरा रहा। इंदौर-छिंदवाड़ा-भण्डारकुण्ड के बीच चलने वाली 19343 पेंचव्हेली एक्सप्रेस तथा फिरोजपुर कैंट-छिंदवाड़ा-फिरोजपुर कैंट के बीच चलने वाली 14623/14624 पातालकोट एक्सप्रेस अब सिवनी की हो गई हैं। सिवनी तक विस्तारित दोनों ट्रेनें शुक्रवार की सुबह सिवनी पहुंचीं। पहले सुबह 05:18 बजे पेंचव्हेली एक्सप्रेस सिवनी पहुंची, जिसके बाद सुबह 07:51 बजे पातालकोट एक्सप्रेस आई। दोनों गाडिय़ों का स्टेशन पर जश्न के बीच स्वागत किया गया। स्टेशन पर उमड़े उत्साहित लोगों ने ढोल-बाजे से ट्रेनों की अगवानी की और धूमधाम से दोनों ट्रेनों को वापस पहले सफर पर रवाना किया गया। पेंचव्हेली एक्सप्रेस को सिवनी से बैतूल तक पैसेंजर गाड़ी संख्या     09590 बनाकर सुबह 06:12 बजे रवाना किया गया। इसके बाद 22 कोच वाली गाड़ी संख्या 14623 सिवनी-फिरोजपुर  पातालकोट एक्सप्रेस सुबह 08:51 बजे गाजे-बाजे के बीच अपने पहले सफर पर निकली। दोनों ट्रेनों को स्टेशन पर उमड़े सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने हरी झण्डी दिखाकर गंतव्य की ओर रवाना किया।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेल के नागपुर डिवीजन की डीआरएम नमिता त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम रवीश कुमार सिंह, एसीएम अविनाश आनंद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम तिवारी, संतोष नगपुरे, संजय सिंह, मनोज मर्दन त्रिवेदी, खुमान सिंह आदि मौजूद रहे। रेलवे द्वारा आयोजित ट्रेनों के शुभारंभ समारोह के लिए डीआरएम नमिता त्रिपाठी गुरूवार रात को ही डीआरएम स्पेशल से सिवनी पहुंच गई थीं। सिवनी सहित जिलेवासियों को 24 अप्रैल को ही सप्ताह में चार दिन चलने वाली रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस व दो जोड़ा छिंदवाड़ा-नैनपुर-छिंदवाड़ा पैसेंजर ट्रेनों की सौगात मिली थी। अब पातालकोट एक्सप्रेस व पेंचव्हेली ट्रेन का सिवनी तक विस्तार हो जाने से सिवनी अब सीधे भोपाल, दिल्ली, हरियाणा व पंजाब से जुड़ गया है, वहीं इंदौर से सीधे सिवनी तक आवाजाही आसान हो गई है। इसके साथ ही सिवनी से बैतूल तक पैसेंजर ट्रेन की सुविधा भी प्रारंभ हो गई है। 

बड़ी संख्या में गए यात्री 

सिवनी से पहले सफर पर निकलीं दोनों ट्रेनों में यात्रा को लेकर यात्रियों में भी काफी उत्साह नजर आया। सिवनी-बैतूल 09590 पैसेंजर ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री रवाना हुए। फिरोजपुर कैंट के लिए रवाना हुई पातालकोट एक्सप्रेस में सिवनी से सवार यात्री उत्साहित दिखे। इस ट्रेन से सिवनी से 90 यात्रियों ने जनरल टिकट खरीदकर यात्रा की। वहीं कई यात्री ऐसे भी थे, जिन्होंने पहले से ही छिंदवाड़ा से आगे की यात्रा का आरक्षण करा रखा था। ऐसे यात्री सिवनी से इस ट्रेन में सवार हुए। उनका कहना था कि अब बस से छिंदवाड़ा जाकर ट्रेन पकडऩे की परेशानी दूर हो गई है। सिवनी से ही सीधे दिल्ली, भोपाल सहित अन्य शहरों की यात्रा कर सकेंगे। 

कोच गाइडेंस सिस्टम लगेंगे 

ट्रेनों के शुभारंभ समारोह में शामिल होने आईं डीआरएम नमिता त्रिपाठी से सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन व विधायक दिनेश राय मुनमुन ने यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की। सांसद डॉ. सिंह ने सभी प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस सिस्टम सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराने को कहा। डीआरएम का कहना था कि अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत सिवनी स्टेशन पर विभिन्न यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी योजना के मापदण्डों के तहत स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए जाएंगे। कोच गाइडेंस सिस्टम लगने से यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने व ट्रेन में सवार होने में आसानी होगी।

यात्री बोले अब आवाजाही आसान 

  • पेंचव्हेली व पातालकोट एक्सप्रेस में सिवनी का नाम लिखा रहेगा, यही सोचकर बहुत अच्छा लग रहा है। सिवनी वासियों का सालों पुराना सपना पूरा हो गया है - डॉ. अजय राय
  • अब पातालकोट एक्सप्रेस से दिल्ली सहित अन्य शहरों तक सीधे आ-जा सकेंगे। बहुत अच्छा लग रहा है। जबलपुर तक एक नई सुपरफास्ट टे्रन भी चलना चाहिए  - आशु जैन 
  • भोपाल में कल एग्जाम है। छिंदवाड़ा से पातालकोट एक्सप्रेस में आरक्षण था। अब सीधी ट्रेन की बढिय़ा सुविधा हो गई है। सिवनी से ही सीधे भोपाल जा रहा हूं - अमित साहू
  • सिवनी से ट्रेनों की सुविधा प्रारंभ होने से बहुत अच्छा लग रहा है। पहले दिन की यात्रा की बात ही अलग है। अपनी मम्मी के साथ भोपाल जा रही हूं - सुहानी सावतकर 
  • पेंचव्हेली में मम्मी-पापा के साथ भोपाल से सिवनी आए हैं। अब यहां से पैसेंजर ट्रेन से केवलारी जाएंगे। ट्रेनें शुरू होने से बहुत अच्छा लग रहा है - जिया खान
  • पहले छिंदवाड़ा जाना पड़ता था। अब बढिय़ा सुविधा हो गई है। सिवनी से सीधे ट्रेन में सवार हो सकेंगे। पहले दिन के सफर को यादगार बनाने भोपाल जा रहे हैं - ममता श्रीवास

Created On :   28 April 2023 2:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story