तुमसर-बालाघाट राष्ट्रीय महामार्ग घोषित - गड़करी ने दी जानकारी

Tumsar-Balaghat National Highway declared - Gadkari gave information
तुमसर-बालाघाट राष्ट्रीय महामार्ग घोषित - गड़करी ने दी जानकारी
तुमसर-बालाघाट राष्ट्रीय महामार्ग घोषित - गड़करी ने दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र के भंडारा व मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले को जोड़ने वाले तुमसर बपेरा मार्ग को राष्ट्रीय महामार्ग घोषित किया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी है। यह मार्ग औद्योगिक व पर्यटन विकास को गति देनेवाला साबित होगा।   इस राष्ट्रीय महामार्ग के लिए मसौदा अधिसूचना जारी की गई है। गौरतलब है कि तुमसर बपेरा बालाघाट रोड राज्य मार्ग है। इस मार्ग की देखरेख की जिम्मेदारी निर्माण कार्य विभाग देखता रहा है। विविध अड़चनों के कारण यह मार्ग आवागमन की दृष्टि से अधिक विकसित नहीं हो पाया है। तुमसर से बपेरा तक सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। बपेरा व मध्यप्रदेश के मोवाड बार्डर को जोड़ने वाली बावनथड़ी नदी पर एक पदरी पुल है। राष्ट्रीय महामार्ग बनने से नागपुर से बालाघाट की दूरी भी कम हो जाएगी। गौरतलब है कि नागपुर व विदर्भ क्षेत्र में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। नागपुर को टाइगर कैपिटल के रूप में विकसित किया जाएगा। देश में सबसे अधिक बाघ विदर्भ क्षेत्र में हैं। तुमसर बपेरा बालाघाट राष्ट्रीय महामार्ग पर्यटन विकास को गति देगा।

 कान्हा किसली व्याघ्र प्रकल्प नागपुर से सीधे जुड़ेगा
बालाघाट व मंडला जिला सीमा का कान्हा किसली व्याघ्र प्रकल्प नागपुर से सीधे जुड़ जाएगा। तुमसर मोहाडी होते हुए पवनी मार्ग से चंद्रपुर को जोड़ने का भी प्रस्ताव है। इससे चंद्रपुर जिले का ताड़ोबा व्याघ्र प्रकल्प भी कान्हा से सीधे जुड़ जाएगा। रामटेक तुमसर होते हुए रायपुर की ओर जाने वाला राष्ट्रीय महामार्ग तैयार हो चुका है। मध्यप्रदेश के सिवनी बरघाट से बालाघाट को जोड़ने वाले महामार्ग का भी काम चल रहा है।  इन महामार्गों के बनने से पेंच अभ्यारण्य, रामटेक, नवेगांव बांध, चांदपुर का पर्यटन केंद्र के तौर पर विकास होगा। गड़चिरोली को महाराष्ट्र सरकार ने चावल हब के तौर पर विकसित करने की योजना बनायी है। मध्यप्रदेश का बालाघाट व सिवनी जिला धान उत्पादक हैं। इसमें भी बालाघाट का व्यवसाय काफी बड़ा है। नया राष्ट्रीय महामार्ग बनने से बालाघाट, गोंदिया, भंडारा, गड़चिरोली जिले में चावल उद्योग को गति मिलेगी। तिरोड़ा, खैरलांजी, कटंगी राज्य मार्ग का लाभ भी नए राष्ट्रीय महामार्ग क्षेत्र विकास के लिए मिलेगा। 

 

Created On :   22 July 2021 10:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story