- Home
- /
- नागपुर में बिजली गिरने से 2 मजदूरों...
नागपुर में बिजली गिरने से 2 मजदूरों की मौत
डिजिटल डेस्क, नागपुर। उमरेड के पेंढारबोडी ग्राम शिवार व कलमेश्वर में बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। उमरेड में गुरुवार दोपहर 2 बजे के करीब शहर से 7 किलोमीटर की दूरी पर पेंढारबोडी ग्राम शिवार में बिजली गिरने की घटना हुई। उस समय पेंढारबोड़ी निवासी सचिन रामाजी सहारे (36) अपने भाई और पिताजी के साथ खेत में काम कर रहा था। वज्रपात की चपेट में आने से सचिन ने खेत में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। शवविच्छेदन के लिए उसका शव ग्रामीण चिकित्सालय, उमरेड लाया गया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर उमरेड पुलिस ने शिकायत दर्ज की है।
इसी तरह ब्राह्मणी/कलमेश्वर में भी गुरुवार की दोपहर लगभग ढाई बजे बिजली गिरने से मजदूर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमोल नारायण काखे (25) के रूप में हुई है। वह मवेशी चरा रहा था। बारिश से बचने के लिए गजानन महाराज मंदिर के पास नीम के पेड़ के नीचे खड़ा था। नीम के पेड़ पर बिजली गिरने से अमोल की मौके पर ही मौत हो गई। कलमेश्वर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   19 Feb 2021 4:24 AM GMT