छोटी-सी बात पर दो किशोरों ने कर ली आत्महत्या

Two teenagers committed suicide due to small talk
छोटी-सी बात पर दो किशोरों ने कर ली आत्महत्या
छोटी-सी बात पर दो किशोरों ने कर ली आत्महत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मामूली सी बात को लेकर दो किशोरों ने आत्महत्या कर ली। सिपाही के 13 वर्षीय बेटे ने मोबाइल गेम खेलने के चक्कर में, तो सब्जी विक्रेता के 11 वर्षीय बेटे ने समोसा नहीं मिलने के कारण फांसी लगा ली। दोनों घटनाएं गिट्टीखदान थाना क्षेत्र की हैं। 

रात में अकेला सोया, सुबह फांसी पर लटका मिला
योगेंद्र नगर निवासी नरेंद्र ठाकुर स्थानीय अपराध शाखा में सिपाही के पद पर तैनात हैं। परिवार में पत्नी प्रियंका के अलावा दिशा (ढाई वर्ष) है। एक बेटा राजवीर (13) भी था, जिसने आत्महत्या कर ली है। राजवीर 7वीं कक्षा में पढ़ता था। उसे टैब और मोबाइल पर गेम खेलने का शौक था। माता-पिता उसे गेम खेलने को लेकर टोकते रहते थे, परंतु राजवीर पर कोई असर नहीं पड़ता था  रात में वह मोबाइल लेकर सोया था।   सुबह साढ़े आठ बजे के करीब प्रियंका राजवीर के कमरे में गई। प्रियंका ने देखा कि राजवीर ने खिड़की से साड़ी बांधकर फांसी लगा ली है। इस दौरान नरेंद्र दूसरे कमरे में सोए थे। थाने में दर्ज शिकायत में नरेंद्र ने मोबाइल गेम के चक्कर में राजवीर द्वारा फांसी लगाने की आशंका जाहिर की है। 

भाई ने छीन लिया था समोसा तो रसोई में जाकर जान दे दी
गंगा नगर निवासी नत्थू शाहू (36) सब्जी विक्रेता है। उसके धीरज (14) और वीरू (11) दो बेटे थे। रविवार की शाम नत्थू सब्जी बेचने गया था। घर में उसकी पत्नी और दोनों बेटे थे। रात करीब आठ बजे वीरू एक समोसा लेकर आया। धीरज ने उसके हाथ से समोसा छीन लिया और खुद ही खा लिया। वीरू रोने लगा। वीरू को समोसे के लिए रोता हुआ देखकर उसकी मां ने उसे पैसे दिए और खुद के लिए समोसा लेकर आने के लिए कहा। इस बीच गुस्से में आकर वीरू ने खुद को रसोई घर में बंद िकया। खिड़की से साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी भी मौत हो गई। इसके लगभग आधे घंटे बाद घरवाले वीरू को आवाज लगाने लगे। रसोई से कोई आवाज नहीं आई। मां ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो आत्महत्या का खुलासा हुआ। 

Created On :   21 July 2020 6:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story