चंद्रपुर के वैष्णवी बचत समूह को दिल्ली में मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

Vaishnavi Savings Group of Chandrapur will get national award in Delhi
चंद्रपुर के वैष्णवी बचत समूह को दिल्ली में मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
चंद्रपुर के वैष्णवी बचत समूह को दिल्ली में मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। ग्रामीण क्षेत्र में स्वयंसहायता समूह के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक विकास का प्रयास बचत समूहों के माध्यम से अनेक वर्षों से किया जा रहा है। इन बचत समूहों के जरिए ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर  अलग पहचान बना रही हैं। उल्लेखनीय कार्य करनेवाले बचत समूहों को सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाता है। सरकार द्वारा पुरस्कृत  बचत समूहों की लिस्ट में अब चंद्रपुर जिले के नागभीड़ तहसील के चिंधीचक स्थित वैष्णवी बचत समूह भी शामिल हो गया है। जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने पर इस बचत समूह को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। राज्य में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर वैष्णवी बचत समूह को आगामी 11 जून को नई दिल्ली में होनेवाले एक समारोह में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 

12 महिलाओं ने मिल की की थी स्थापना
बता दें कि सन् 2010 में नागभीड़ के ग्राम चिंधीचक में वैष्णवी बचत समूह की स्थापना हुई थी। 12 महिला सदस्यों के इस समूह में स्थापना से लेकर अब तक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का प्रयास गया है। समूह की महिलाएं दुग्ध व्यवसाय, कुक्कुट व बकरी पालन, जैविक खेती, हल्दी उत्पादन, हल्दी पाउडर की बिक्री, सब्जीभाजी व्यवसाय, स्टेशनरी दुकान, कैटरिंग व्यवसाय, दालों की बिक्री, औषधि वनस्पति, टेलरिंग, कृषि उपयोगी औजारों की बिक्री आदि व्यवसाय कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बना पाई हैं।  तहसील व जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने पर वर्ष 2016-17 में समूह को महाराष्ट्र बैंक व वैनगंगा कृष्णा ग्रामीण बैंक तलोधी (बा) की शाखा ने भी सम्मानित किया। महालक्ष्मी सरस मुंबई, विभागीय महालक्ष्मी सरस चंद्रपुर, भंडारा, नागपुर, मनपा नागपुर, जिलास्तरीय प्रदर्शनी गड़चिरोली, माविम नागपुर, महानगर पालिका, आत्मा अंतर्गत आयोजित कृषि प्रदर्शनी का भी वैष्णवी बचत समूह हिस्सा बना। इसके लिए जिला व तहसील स्तर पर उसे पुरस्कृत किया गया। 

अन्य समूहों का मार्गदर्शन भी कर रहा है यह समूह 
महासंघ की स्थापना कर अन्य बचत समूहों को मार्गदर्शन करने का काम भी यह समूह कर रहा है। गौरतलब है कि नागभीड़ पंस गुटविकास अधिकारी प्रकाश तोड़ेवार, विस्तार अधिकारी नाकतोड़े और तहसील अभियान प्रबंधक मोहित नेताम के मार्गदर्शन में वैष्णवी बचत समूह ने अपने कार्य बढ़ाकर राज्य के ग्रामीण जीवन्नोनति अभियान के राज्य प्रबंधन को संज्ञान लेने पर बाध्य किया। आगामी १1 जून को नई दिल्ली में समूह को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस समारोह में वैष्णवी स्वयंसहायता समूह की अध्यक्ष तारा गायधनी, उपाध्यक्ष वर्षा लांजेवार व सचिव सारिका समर्थ को आमंत्रित किया गया है। क्षेत्र के बचत समूह को उपरोक्त सम्मान मिलने पर जिप सदस्य संजय गजपुरे ने चिंधीचक में जाकर वैष्ण्वी  समूह का अभिनंदन किया है। गट विकास अधिकारी तोड़ेवार व गांव की सरपंच सुगंधा समर्थ ने समूह को बधाई दी। 

Created On :   6 Jun 2018 6:40 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story