रत्नागिरी: दाऊद की संपत्ति के खरीदार को मिल रहीं धमकियां, पूजा की सामग्री भी हुई चोरी

दाऊद की संपत्ति के खरीदार को मिल रहीं धमकियां, पूजा की सामग्री भी हुई चोरी
  • रत्नागिरी के मुंबके गांव में खरीदी है डॉन की पुश्तैनी संपत्ति
  • खरीदार को मिल रहीं धमकियां
  • पूजा की सामग्री चोरी हुई

डिजिटल डेस्क, मुंबई. अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की रत्नागिरी में स्थित पुश्तैनी संपत्ति को खरीदने वाले सुप्रीम कोर्ट के वकील भूपेंद्र भारद्वाज को स्थानीय लोगों से धमकियां मिल रही हैं। भारद्वाज ने दाऊद का घर और जमीन साल 2020 में नीलामी में खरीदी थी। वह 23 फरवरी को रत्नागिरी के खेड में स्थित मुंबके गांव के घर पर गए थे।

आरोप है कि वहां से उनकी पूजा की सामग्री किसी ने चोरी कर ली। इसके अलावा स्थानीय लोगों पर भारद्वाज ने धमकी देने का आरोप लगाया है। जिसको लेकर खेड पुलिस में शिकायत की थी, जिस पर अब मामला दर्ज किया गया है।

भारद्वाज ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि साल 2017 से सफेमा के तहत दाऊद की संपत्ति की नीलाम शुरू हुई है। उस समय से भारद्वाज हर नीलामी में हिस्सा लेते रहे हैं। 10 नवंबर 2020 में भारद्वाज ने मुंबके गांव में गट संख्या 150 ,151 ,152 ,155 की संपत्ति खरीदी थी। जिसकी देखभाल के लिए वह लगातार दिल्ली से रत्नागिरी आते जाते रहते हैं।

वे 23 फरवरी को 9400 रुपए की पूजा और हवन सामग्री लेकर मुंबके गांव पहुंचे थे। वे रात में पास के गेस्ट हाउस में ठहरे थे। 24 फरवरी की सुबह जब वे घर में पहुंचे तो उनकी पूजा की सामग्री गायब थी। भूपेंद्र भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने जब से नीलामी में संपत्ति खरीदी है तब से वह गांव के लोगों की नजर में गड़े हुए हैं।

लोग अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें धमकियां दे रहे हैं। इसके बाद खेड पुलिस स्टेशन में उन्होंने इसकी शिकायत की थी।



Created On :   27 March 2024 3:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story