मौत की कगार पर डॉन: बिना भारत आए भी देश पर कहर बरपाता रहा है दाऊद इब्राहिम, मुंबई ब्लास्ट के बाद इस दिल दहला देने वाली घटना से जुड़ा नाम, अब ले रहा है आखिरी सांसे!

बिना भारत आए भी देश पर कहर बरपाता रहा है दाऊद इब्राहिम, मुंबई ब्लास्ट के बाद इस दिल दहला देने वाली घटना से जुड़ा नाम, अब ले रहा है आखिरी सांसे!
  • दाऊद इब्राहिम को लेकर बड़ा दावा
  • पाकिस्तान में ले रहा आखिरी सांस
  • केवल 7 साल की उम्र में बन गया था अपराधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कहा जा रहा है कि भारत की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल दाउद इब्राहिम कराची के एक हॉस्पिटल में भर्ती है और जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में तो यहां तक कहा गया है कि दाऊद की मौत तक हो गई है। हालांकि, इन अटकलों की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। दरअसल एक पाकिस्तान पत्रकार का दावा है कि दाऊद को जहर दिया गया है, जिसके बाद उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि दाउद का नाम 1993 में हुए मुंबई बम ब्लास्ट से लेकर 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले में शामिल रहा है। इन हमलों में सैकड़ों लोगों की जहां जान चली गई थी वहीं हजारों घायल हो गए थे। इसके बाद उसे भारत में मोस्ट वांटेड आतंकी घोषित कर दिया गया था।

पाकिस्तान में ली शरण

भारत द्वारा मोस्ट वांटेड आतंकी घोषित करने बाद दाऊद ने पाकिस्तान में शरण ले ली थी। तब से लेकर अब तक भारत ने उसके पाकिस्तान में होने के कई सबूत पेश किए थे, लेकिन पाकिस्तान हर बार उसकी अपने यहां मौजूदगी की बात से इनकार करता रहा है। आइए जानते हैं डोंगरी की तंग गलियों से निकलकर एक पुलिस कर्मी का मासूम बेटा कैसे भारत में आतंक का सरगना बन गया?

केवल सात साल की उम्र में बना अपराधी

साल 1955 में महाराष्ट्र के रत्नागिरी में पैदा हुए दाऊद इब्राहिम का पूरा नाम शेख दाऊद इब्राहिम कासकर है। उसके पिता जिनका नाम शेख इब्राहिम अली कासकर था, वो मुंबई पुलिस में हवलदार थे। दाऊद की इच्छा बचपन से ही शाही जिंदगी जीने की थी, जिसके लिए वह केवल 7 साल की उम्र से ही चोरी, डकैती और उसके बाद फिर तस्करी करने लगा था। उसकी ये हरकतें देखकर उसके पिता ने पहले उसे समझाया लेकिन जब वह नहीं माना तो पिता ने दाऊद को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह उस समय अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला के गैंग में शामिल हो गया था। साल 1980 में वह करीम लाला और हाजी मस्तान के गैंग में शामिल हो गया, जिनका उस समय मुंबई में राज चलता था। पर दाऊद किसी का चेला न बनकर पूरी गैंग ही चलाना था। जिसके बाद उसने इन दोनों गैंगस्टर्स को पीछे छोड़ दिया और जुर्म की दुनिया का नया बादशाह बन गया।

डी कंपनी बनाई

दाऊद ने अपने रिश्तेदारों और करीबी लोगों को शामिल कर डी कंपनी बनाई और तस्करी का धंधा करने लगा। धीरे-धीरे उसने अपराध का एक बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया, जिसमें ड्रग तस्करी, विवादित जमीन कब्जाना, हवाला कारोबार और विवादित बिजनेस डील में मध्यस्थता जैसे काले धंधे शामिल थे। इसके अलावा दाऊद ने क्रिकेट में सट्टेबाजी और फिल्मों की फाइनेंसिंग भी की। इस बीच साल 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना हुई, जिससे देश में कई जगहों पर सांप्रदायिक दंगे भड़क गए। इन दंगों की आंच मुंबई तक भी फैली, यहां भी पर बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे हुए।

1993 मुंबई बम धमाके का मास्टरमाइंड

एस हुसैन जैदी अपनी किताब 'ब्लैक फ्राइडे' में लिखते हैं, ' मुंबई में हुए सांप्रदायिक दंगों के बाद दाऊद ने बदला लेने के लिए बड़ी साजिश रची। इसके बाद उसने ने मुंबई में सिलसिलेवार बम धमाके करने का प्लान बनाया। इसी प्लान के मद्देनजर साल 1993 में मुंबई में कई जगह धमाके हुए, जिनमें 257 लोगों की जान गईं। इन धमाकों के बाद भारत सरकार ने दाऊद को मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल कर दिया। जिसके बाद दाऊद मुंबई से कराची शिफ्ट हो गया और फिर कभी भारत नहीं लौटा।

2008 के मुंबई हमले में भी था शामिल

पाकिस्तान में शरण लेने के बाद दाऊद के आईएसआई और आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा से मजबूत संबंध बन गए। खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2008 में मुंबई के ताज होटल पर हुए आतंकी हमले में भी दाऊद शामिल था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले से पहले दाऊद की डी कंपनी ने ही आतंकियों की ट्रेनिंग दी थी, इसके साथ ही उन्हें समुद्री रास्ते से मुंबई भेजने का इंतजाम भी किया था। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए हमले में 173 लोगों की मौत हुई थी।

दाऊद को लेकर अमेरिकी सरकार ने भी बड़ा दावा किया था। जिसके मुताबिक दाऊद के आतंकी ओसामा बिन लादेन और उसके संगठन से भी संबंध थे। इसके बाद अमेरिका ने दाऊद को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया गया है। फोर्ब्स मैगजीन द्वारा भी दाऊद को दुनिया के सबसे खतरनाक गैंगस्टरों की सूची में शामिल किया गया था।

पाकिस्तान में है दाऊद

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दाऊद पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में रहता है। जिस जगह वो रहता है वह सब सुख सुविधाओं से लैस है। पिछले साल फ्री प्रेस जर्नल ने दाऊद को लेकर एक खबर प्रकाशित की थी जिसके मुताबिक उसने कराची के एक अस्पताल में गैंग्रीन से प्रभावित अपने एक पैर की उंगलियों को काटवाने के लिए सर्जरी कराई थी। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि पिछले साल यानी 2022 के दिसंबर महीने में कराची की डिफेंस कॉलोनी में स्थित अपने आलीशान बंगले पर जन्मदिन की पार्टी दी थी।

Created On :   18 Dec 2023 1:54 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story