नागपुर: फुटाला झील में दिखाई दी मरीं मछलियां, तापमान बढ़ने से ऑक्सीजन के स्तर में आई कमी

फुटाला झील में दिखाई दी मरीं मछलियां, तापमान बढ़ने से ऑक्सीजन के स्तर में आई कमी
  • फुटाला तालाब के पानी में मरी हुई मछलियां
  • एक ही स्थान पर इन मछलियों की संख्या 10 से अधिक थी
  • अपघटन प्रक्रिया के चलते ऑक्सीजन की कमी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. फुटाला तालाब के पानी में मरी हुई मछलियां दिखाई दी हैं। सूत्रों के अनुसार, तालाब के एक ही स्थान पर इन मछलियों की संख्या 10 से अधिक थी। तालाब के अन्य हिस्सों में भी मछलियां मरने का अनुमान है। बताया गया कि गर्मी के मौसम में तालाब का पानी तेजी से खराब होने लगता है। अपघटन प्रक्रिया के चलते ऑक्सीजन की कमी हो जाती है।

वहीं, तापमान बढ़ने से घुलित ऑक्सीजन के स्तर में भी कमी आ जाती है। ऐसे में मछलियां मरने लगती हैं। मरी हुई मछलियों को पानी से बाहर नहीं निकाला गया तो बदबू फैल जाती है। सूत्रों की मानें तो तालाब की समय-समय पर सफाई करने पर ऑक्सीजन का स्तर बराबर बना रहता है। ऐसे में मछलियों की जान को कोई खतरा नहीं होता। वर्तमान में शहर का मौसम नरम-गरम चल रहा है। शनिवार को तापमान 40 तक पहुंच गया था। वहीं अगले दो दिन में तापमान बढ़कर 42 तक जाने की संभावना है। जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, तालाब के ऑक्सीजन में कमी होती जाएगी।

24 घंटे में ही 2.7 डिग्री बढ़ा तापमान

अलग-अलग दिशा से आ रही हवा के कारण पिछले तीन दिन से दिन गर्म और रात में उमस जैसा वातावरण बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में नागपुर का अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री बढ़ गया है। तापमान बढ़ने से लोग दिन भर गर्मी से परेशान रहे। नागपुर का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ से विदर्भ होकर कोकण तट तक बनी द्रोणिका के कारण हवा अलग-अलग दिशा से आ रही है। वातावरण में उथल-पुथल मचा हुआ है। कभी गर्मी तो कभी बारिश हो रही है। बेमौसम बारिश से कुछ समय के लिए ठंडक महसूस होती है, तो धूप खिलते ही गर्मी होने लगती है।

शनिवार को दिन भर चिलचिलाती धूप से लोग परेशान रहे। दोपहर में आवाजाही भी अपेक्षा से कम दिखाई दी। रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उमस महसूस हो सकती है। शाम को तेज हवा व गरज के साथ जिले में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है।

Created On :   28 April 2024 10:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story