चुनावी खर्च: गडकरी, ठाकरे, पारवे व बर्वे के खर्च का नहीं हो सका मिलान , चारों को नोटिस

गडकरी, ठाकरे, पारवे व बर्वे के खर्च का नहीं हो सका मिलान , चारों को नोटिस
  • चुनाव आयोग की मानें तो खर्च ज्यादा हुआ आैर कम बताया गया
  • चारों उम्मीदवारों को नोटिस जारी कर मांगा जाएगा जवाब
  • चुनाव खर्च का आडिट किया

डिजिटल डेस्क, नागपुर । चुनाव आयोग के खर्च संनियंत्रण कक्ष की तरफ से किए गए आडिट में नागपुर से भाजपा प्रत्याशी नितीन गडकरी, कांग्रेस प्रत्याशी विकास ठाकरे आैर रामटेक से शिवसेना (शिंदे) प्रत्याशी राजू पारवे व कांग्रेस के श्यामकुमार बर्वे के चुनावी खर्च का मिलान नहीं हो सका है। चुनाव आयोग की नजर मेंे चारों प्रत्याशियों का खर्च अधिक हुआ है, जबकि चारों ने खर्च कम बताया है। चुनाव आयोग की तरफ से चारों प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।

नागपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन गडकरी ने 25 लाख 91 हजार 598 चुनाव खर्च बताया है, जबकि चुनाव आयोग ने 37 लाख 82 हजार 574 रुपए खर्च निकाला है। 11 लाख 90 हजार 976 रुपए कम खर्च बताया गया है। इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी विकास ठाकरे ने 16 लाख 3 हजार 992 रुपए चुनावी खर्च होने का ब्यौरा दिया है, जबकि चुनाव आयोग केे मुताबिक 47 लाख 48 हजार 180 रुपए खर्च हुआ है। 31 लाख 44 हजार 188 रुपए कम खर्च बताया गया है।

रामटेक से शिवसेना (शिंदे) प्रत्याशी राजू पारवे ने 30 लाख 6 हजार 950 रुपए का चुनावी खर्च का ब्यौरा दिया है, जबकि चुनाव आयोग के मुताबिक 54 लाख 52 हजार 257 रुपए का खर्च हुआ है। 24 लाख 45 हजार 307 रुपए कम खर्च बताया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार कांग्रेस के श्यामकुमार बर्वे ने 44 लाख 96 हजार 397 रुपए चुनावी खर्च किया, जबकि बर्वे ने 21 लाख 23 हजार 700 रुपए खर्च होने का ब्यौरा दिया है। 23 लाख 72 हजार 697 रुपए खर्च कम दिखाई दे रहा है।

चुनाव आयोग व प्रत्याशियों के खर्च का मिलान नहीं हो पा रहा है। चुनाव आयोग की तरफ से चारों प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके पूर्व 5 अप्रैल व 10 अप्रैल को चुनाव आयोग ने चुनाव खर्च का आडिट किया था आैर उस वक्त भी प्रत्याशियों के खर्चे का मिलान नहीं हाे सका था।

Created On :   17 April 2024 9:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story