रूस आतंकी हमला: मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में 5 हमलावरों ने की फायरिंग, अब तक 40 की मौत, सैंकड़ों गंभीर रूप से घायल

मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में 5 हमलावरों ने की फायरिंग, अब तक 40 की मौत, सैंकड़ों गंभीर रूप से घायल
  • रूस की राजधानी मॉस्को में कत्लेआम
  • कॉन्सर्ट हाल में घुसकर आतंकियों ने बरसाई गोलियां
  • अभी तक 40 की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पुतिन के पांचवी बार रूस के राष्ट्रपति बनने के कुछ दिनों बाद राजधानी मॉस्को से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां के सबसे बड़े कॉन्सर्ट हॉल में घुसकर 5 बंदूकधारियों ने फायरिंग की। जिसमें करीब 40 लोगों की मौत हो गई जबकि सैंकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ भी सकती है। न्यूज एजेंसी द एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को के पश्चिमी छोर पर स्थित इस क्रोकस सिटी हॉल में अज्ञात बंदूकधारियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बाद में यहां पर दो धमाकों की भी आवाजें सुनाई दीं और हॉल आगे की लपटों में घिरा नजर आया।

तास न्यूज एजेंसी ने रूसी आपातकालीन सेवा के हवाले से बताया कि हॉल से लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। अब तक 100 लोगों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं घायलों की मदद के लिए 50 से ज्यादा एम्बुलेंसों को क्रोकस सिटी हॉल पहुंचाया गया है।

गोलाबारी शुरू होन के करीब 1 घंटे बाद रोसग्वार्डिया स्पेशल फोर्स घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। वहीं आग बुझाने के लिए दर्जनभर हेलीकॉप्टर भी भेजे गए हैं। आतंकियों को खत्म करने के लिए स्पेशल फोर्सेज हॉल की बिल्डिंग में घुस चुकी हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले रूस स्थित अमेरिका दूतावास ने देश में ऐसे हमले को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। जिसमें कहा गया था कि चरमपंथी गुट राजधानी मॉस्को में म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसी बड़ी सभाओं को निशाना बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों से ऐसे कन्सर्ट में जाने से बचने की अपील की थी।

घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें क्रोकस सिटी हॉल में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। लोग यहां वहां भागने की कोशिश कर रहे हैं और जगह-जगह लोगों के शव बिखरे दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा कुछ वीडियो में गोलियों के चलने और लोगों के चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। हम इन वीडियो की पुष्टि नहीं कर सकते। इसलिए आपको यह वीडियो दिखा नहीं रहे हैं।

Created On :   22 March 2024 6:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story