लोकसभा चुनाव 2024: यूपी में अखिलेश ने कांग्रेस को दिया ऑफर, बंगाल में ममता तो पंजाब में भगवंत मान ने फंसाया मामला, हरियाणा में भी स्थिति स्पष्ट नहीं

यूपी में अखिलेश ने कांग्रेस को दिया ऑफर, बंगाल में ममता तो पंजाब में भगवंत मान ने फंसाया मामला, हरियाणा में भी स्थिति स्पष्ट नहीं
  • लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन का लगा झटका
  • सीट शेयरिंग पर कांग्रेस को छोटी पार्टी दे रहे हैं चुनौती
  • ममता बनर्जी ने भी बढ़ाया कांग्रेस का टेंशन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में चल रहे सियासी खेल के बीच इंडिया गठबंधन में विपक्षी दलों की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं। जहां एक तरफ इंडिया गठबंधन में शामिल आरजेडी और जेडीयू के बीच बिहार में सियासी उठापटक चलनी शुरू हो गई है तो वहीं, दूसरी ओर पश्चिम बंगाल और पंजाब में इंडिया गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बन पा रही है।

इधर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जरूर यूपी में कांग्रेस को 11 सीटें देने का ऐलान किया है। देश की सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात बन गई है। अखिलेश की घोषणा के बाद यह बात पक्की मानी जा सकती है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हमने कुछ राज्यों में सीटें तय कर ली हैं, लेकिन हमने अभी कोई घोषणा नहीं की है। जयराम रमेश ने आगे कहा कि ऐलान करने की सही वक्त आएगा। हालांकि, अखिलेश यादव के साथ यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस की ओर से इस पर मुहर लगनी बाकी है।

उत्तर प्रदेश में बन गई बात?

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।’

बिहार में सियासी संघर्ष जारी

नीतीश कुमार ने बिहार में एक बार फिर सियासी हलचल मचा दी है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि नीतीश आरजेडी से गठबंधन तोड़कर फिर से एनडीए में शामिल हो सकते हैं। अगर यह कहा जाए कि नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई थी तो गलत नहीं होगा। ऐसे में अब सवाल है कि अगर वह फिर से एनडीए गुट में चले गए तो इंडिया गठबंधन का क्या होगा? यह बड़ा सवाल है।

पंजाब में भगवंत मान ने दिखाए तेवर

इंडिया गठबंधन की मुश्किलें बस इतनी ही नहीं हैं। पंजाब में इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने लोकसभा की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले बुधवार को कहा कि पंजाब में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ और आप पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी।

बंगाल में अकेले लड़ेगी टीएमसी

पंजाब जैसा ही झटका इंडिया गठबंधन को पश्चिम बंगाल में भी लगा है। टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी लोकसभा में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इस सिलसिले ममता ने कहा, ‘कांग्रेस के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा कि बंगाल में हमारी पार्टी अकेले लड़ेगी। हम अकेले ही भाजपा को हरा देंगे।’

हरियाणा में स्थिति स्पष्ट नहीं

हरियाणा में भी इंडिया गठबंधन के लिए पेंच फसता हुआ दिख रहा है। हालांकि 'आप' और कांग्रेस पार्टी पहले ही यह तय कर चुकी है कि वह हरियाणा की 10 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। फिलहाल हरियाणा में सीट बंटवारे के फैसले को दोनों पार्टियों ने हाईकमान को सौंप दिया है।

Created On :   27 Jan 2024 3:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story