आर्टिस्ट जेफ कून्स ने बनाया उड़ता हुआ खरगोश, 640 करोड़ रुपए में हुई नीलामी

आर्टिस्ट जेफ कून्स ने बनाया उड़ता हुआ खरगोश, 640 करोड़ रुपए में हुई नीलामी

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-18 07:04 GMT

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। कलाकारी के दम पर इंसान चाहे तो कुछ भी कर सकता है और दुनियाभर में अपना नाम बना सकता है। कुछ ऐसी ही कलाकारी की है आर्टिस्ट जेफ कून्स ने। आर्टिस्ट जेफ कून्स का बनाया उड़ता हुआ खरगोश अब तक किसी भी जीवित कलाकार की सबसे महंगी कलाकृति बन गया है। क्रिस्टी में हुई नीलामी में यह 640 करोड़ रुपए में बिका। कून्स ने स्टील की इस कलाकृति को 1986 में तैयार किया था। इसकी नीलामी वैसे तो 562 करोड़ रुपये में हुई, लेकिन कमीशन और अन्य मदों को जोड़ दिया जाए तो इसकी कीमत 640 करोड़ रुपए है।

इससे पहले विश्व की सबसे महंगी कलाकृति बनाने का तमगा डेविड हॉकनेस के नाम था। नवंबर 2018 में क्रिस्टी में ही हुई नीलामी में उनका पोट्रेट 634 करोड़ रुपए में बिका था। इसमें पूल के किनारे केवल दो लोगों को दिखाया गया है। डेविड ब्रिटिश मूल के पेंटर हैं।   

कलाकृति खरीदने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं
खरगोश की कलाकृति लगभग 41 इंच (1.04 मीटर) ऊंची है। सूत्रों का कहना है कि जिस व्यक्ति ने इसे खरीदा वह नीलामी के वक्त कमरे में बैठा था। इस व्यक्ति के नाम के बारे में आयोजकों ने कोई जानकारी नहीं दी है।

कून्स का बैलून डॉग 410 करोड़ में बिका था
जेफ कून्स को लीक से हटकर काम करने के मामले में महारथ हासिल है। डेविड हॉकनेस से पहले विश्व की सबसे महंगी कलाकृति बनाने का पिछला रिकॉर्ड उनके ही नाम था। उनका बैलून डॉग (आरेंज) 2013 की नीलामी में 410 करोड़ रुपए में बिका था। उस समय यह विश्व रिकॉर्ड था। तकरीबन पांच सालों तक बैलून डॉग की वजह से जेफ कून्स शीर्ष पर रहे। 2018 में डेविड ने उनका रिकॉर्ड तोड़ा था।

 

 

 

 

 

 

 

 

 


 

Tags:    

Similar News