इस देश में शख्स को महिला के साथ ब्रेकफास्ट करने पर जाना पड़ा जेल

इस देश में शख्स को महिला के साथ ब्रेकफास्ट करने पर जाना पड़ा जेल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-13 07:35 GMT
इस देश में शख्स को महिला के साथ ब्रेकफास्ट करने पर जाना पड़ा जेल

डिजिटल डेस्क । सऊदी अरब में एक शख्स को एक महिला के साथ ब्रेकफास्ट करना महंगा पड़ गया। ब्रेकफास्ट की खबर जैसे ही सरकार को लगी उस शख्स को अरेस्ट कर लिया गया। दरअसल, इजिप्ट के एक होटल वर्कर ने महिला सहकर्मी के साथ ब्रेकफास्ट करते हुए एक वीडियो अपलोड किया था, जिसे अधिकारियों ने "अश्लील" करार देते हुए शख्स के खिलाफ अरेस्ट वॉरेंट जारी कर दिया। 


इस वीडियो में डेस्क पर पुरुष और महिला एक साथ खाना खाते दिख रहे हैं। रूढ़िवादी सऊदी में सोशल मीडिया पर इस वीडियो पर बहस छिड़ गई। सिर से पैर तक ढंकी हुई महिला कैमरे के सामने हाथ हिलाते हुए और ब्रेकफास्ट करते हुए नजर आती है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है। दरअसल महिला वीडियो के आखिरी 30 सेकेंड में पुरुष को अपने हाथों से एक निवाला खिलाते नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसी बात को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी जता रहे हैं। सऊदी के श्रम मंत्रालय ने बताया, वीडियो में नजर आए शख्स को जेद्दा से अरेस्ट कर लिया गया है। स्थानीय मीडिया ने इस शख्स की पहचान इजिप्ट के नागरिक के तौर पर की है।


सऊदी अरब में महिलाओं और पुरुषों के बीच एक दीवार सी खिंची हुई है। दफ्तरों से लेकर रेस्टोरेंट तक महिलाएं और पुरुष एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखते हैं। महिलाओं को बिना किसी मेल गार्जियन के कई ऐक्टिविटीज में भी शामिल होने की अनुमति नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि वर्कप्लेस पर महिला-पुरुष को अलग-अलग रखने के सरकार के निर्देश को लागू ना कर पाने पर होटल के मालिक को भी समन किया गया है।


सरकारी वकील ने कहा कि बाहर से आए लोगों को सऊदी समाज की परंपराओं और मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। ये मामला ऐसे समय में आया है जब प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान महिलाओं की ड्राइविंग पर लंबे समय से लगे प्रतिबंध को हटा चुके हैं, 35 साल बाद सिनेमा खोलने और कुछ मिक्स्ड जेंडर कॉन्सर्ट की भी अनुमति देने जैसे कदम उठाए हैं।
 

Similar News