Gold Rate: सोने के भाव में मामूली तेजी, चांदी भी चमकी

  • सोने के जून वायदा भाव में 208 रुपए की तेजी
  • चांदी के जुलाई वायदा भाव में 742 रुपए की बढ़त
  • शुक्रवार को सोने की कीमत 3000 रुपए तक गिरी थीं

Manmohan Prajapati
Update: 2024-05-06 06:22 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोने (Gold) की कीमतें कुछ समय से सातवें आसमान पर हैं, लेकिन माना जा रहा है कि, अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya) से पहले बड़ी राहत मिल सकती है। दरअसल, शुक्रवार को को सोने में करीब 3000 की गिरावट देखी गई थी। लेकिन आज (06 मई 2024, सोमवार) एक बार फिर से मामूली तेजी देखने को मिली है। एमसीएक्स पर सोने का जून वायदा भाव 208 रुपए की तेजी यानि कि 0.29% बढ़कर 70,876 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

आपको बता दें कि, बीते सत्र (03 मई 2024, शुक्रवार) को एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोना का घरेलू वायदा भाव 70,668 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, 12 अप्रैल 2024 को एमसीएक्स गोल्ड ने 73,958 रुपए प्रति 10 ग्राम की कीमत के साथ रिकॉर्ड हाई बनाया था। इस तरह 1 महीने से भी कम समय में सोना अपने रिकॉर्ड हाई लेवल से 3290 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया था।

क्या कम होगा अक्षय तृतीया पर भाव?

मालूम हो कि, बीते सत्र में सोने के भाव में कमी देखी गई थी। वहीं जानकारों का मानना है कि, आगामी कुछ दिनों में सोने के दाम में गिरावट आने की उम्मीद है। यदि ऐसा होता है तो अक्षय तृतीया पर खरीदारों को काफी राहत रहेगी। बता दें कि, इस दिन सोने की खरीदारी का विशेष महत्व होता है। इस बार अक्षय तृतीया का पर्व 10 मई 2024 को है।

बता दें कि, सोने के भाव में लगातार तेजी देखने के बाद इस पर्व पर सोने की खरीदारी में कमी आने की उम्मीद जताई गई थी। लेकिन, बीते शुक्रवार को आई कमी को देखते हुए कहा जा सकता है कि, यदि गिरावट जारी रही तो बाजार को सपोर्ट मिल सकता है।

यदि बात करें बीते साल अक्षय तृतीया पर सोने की भाव की तो यह काफी कम था। पिछले साल अक्षय तृतीया का पर्व 22 अप्रैल 2023 को मनाया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस दिन देश में 22 कैरेट गोल्ड का रेट 56,050 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जबकि 24 कैरेट सोनी की कीमत 61,150 रुपये के आस-पास थी।

Tags:    

Similar News