2017 में 73% अर्जित संपत्ति 1% लोगों के पास ही क्यों गई? : राहुल गांधी

2017 में 73% अर्जित संपत्ति 1% लोगों के पास ही क्यों गई? : राहुल गांधी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-01-23 15:21 GMT
2017 में 73% अर्जित संपत्ति 1% लोगों के पास ही क्यों गई? : राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आक्सफेम की ताजा रिपोर्ट को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर पीएम मोदी से इस रिपोर्ट पर जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने लिखा है, "वेलकम टू स्विटजरलैंड! कृपया दावोस में बताएं कि 2017 में अर्जित देश की 73 फीसदी संपत्ति सिर्फ देश की एक फीसदी आबादी के पास ही क्यों गई? मैं आपके रिफरेंस के लिए एक रिपोर्ट अटैच कर रहा हूं।" 


बता दें कि सोमवार को ऑक्सफेम की एक रिपोर्ट जारी हुई थी। "रिवॉर्ड वर्क, नॉट वेल्थ" शीर्षक से जारी इस रिपोर्ट में बताया गया था कि भारत में लोगों के बीच आय में बहुत ज्यादा असमानताएं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2017 में अर्जित देश की 73 फीसदी संपत्ति सिर्फ देश की एक फीसदी आबादी के पास गई है। वहीं 67 करोड़ भारतीयों की संपत्ति में सिर्फ एक फीसदी का इजाफा हुआ है।

इसमें यह भी सामने आया है कि साल 2017 में भारत में 17 नए अरबपति बने है। इसके साथ ही भारत में अरबपतियों की संख्या 101 हो गई है। 2017 में भारतीय अमीरों की संपत्ति 4.89 लाख करोड़ बढ़कर 20.7 लाख करोड़ हो गई है। वैश्विक स्तर पर भी यह रिपोर्ट चौंकाने वाली है। इसके अनुसार, पिछले साल दुनिया भर में अर्जित की गई संपत्ति का 82 प्रतिशत केवल एक फीसदी लोगों के पास है। वहीं, 3.7 अरब लोगों की संपत्ति में कोई इजाफा नहीं हुआ।

ऑक्सफेम के इस सर्वे में 10 देशों के 70,000 लोगों को शामिल किया गया है। रिपोर्ट यह भी खुलासा करती है कि कैसे वैश्विक अर्थव्यवस्था अमीरों को और अधिक धन एकत्र करने में सक्षम बनाती है और वहीं लाखों करोड़ों लोग जिंदगी जीने के लिए मशक्कत कर रहे हैं।

Similar News