अलीबाबा के जैक मा को पछाड़कर मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स

अलीबाबा के जैक मा को पछाड़कर मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-13 14:27 GMT
अलीबाबा के जैक मा को पछाड़कर मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स
हाईलाइट
  • जैक मां की अलीबाबा का मार्केट कैपेटलाइजेशन 44 बिलियन डॉलर है।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी बने एशिया के सबसे अमीर शख्स।
  • रिलायंस का मार्केट कैपेटलाइजेशन हुआ 44.3 बिलियन डॉलर।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, अलीबाबा के फाउंडर जैक मा को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। शुक्रवार को रिलांयस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1101 रुपए के स्तर पर पहुंच गया, जिसके बाद कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 44.3 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया। जबकि अलीबाबा का मार्केट कैपिटलाइजेशन 44 बिलियन डॉलर है। मुकेश अंबानी और जैक मा की दौलत में केवल 3 लाख डॉलर का गैप है।

रिलायंस बनी 100 अरब डॉलर की कंपनी
इससे पहले गुरुवार को 11 साल बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 100 अरब डॉलर की कंपनी बनने का मुकाम दूसरी बार हासिल किया था। कंपनी के शेयर में गुरुवार को आए 5% के उछाल के बाद रिलायंस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 6.90 लाख करोड़ के पार पहुंच गया था। हालांकि बाजार बंद होने पर ये 99.9 अरब डॉलर यानी 6.85 लाख करोड़ रुपए रहा था। अभी सबसे ज्यादा मार्केट कैपिटल वाली भारतीय कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) है। टीसीएस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 111 बिलियन डॉलर है। रिलायंस से इसकी तुलना की जाए तो ये उससे 10 अरब डॉलर ज्यादा है।

रिलायंस के शेयर ने सेंसेक्स को आउटपरफॉर्म किया
पिछले पांच साल में रिलायंस के शेयर ने सेंसेक्स को आउटपरफॉर्म किया है। जहां सेंसेक्स में 87% की बढ़ोतरी हुई है तो वहीं रिलायंस के शेयर में 138% की बढ़ोतरी देखी गई है। इस साल की बात करें तो यह 20% का रिटर्न दे चुका है। एक जनवरी को शेयर का भाव 911 रुपए था। रिलायंस का वैल्यूएशन 41 साल में करीब 69,000 गुना बढ़ा है। 1977 में जब इसका आईपीओ आया, तब मार्केट कैप 10 करोड़ रुपए था।

क्या होता है मार्केट कैप?
कंपनी के मार्केट कैपिटलाइज़ेशन का मतलब है शेयर बाजार द्वारा निर्धारित उस कंपनी का मूल्य। हर कंपनी शेयर ज़ारी करती है, और जारी किए गए शेयरों की कुल संख्या कंपनी में 100% ओनरशिप को प्रदर्शित करती है। इस प्रकार, यदि हमें किसी कंपनी के द्वारा जारी किए गए कुल शेयरों की संख्या और प्रत्येक शेयर की कीमत पता हो तो हम उस कंपनी का मार्केट कैप जान सकते हैं।

कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन = कंपनी के शेयरों का बाजार मूल्य X जारी किये गए शेयरों की संख्या  

Similar News