मौसम: हल्की बारिश फसल पर पड़ रही भारी

तुअर पर इल्ली का खतरा, कपास पड़ सकती है काली, संतरा पेड़ से झड़ने लगा

Anita Peddulwar
Update: 2023-12-07 10:06 GMT

डिजिटल डेस्क, अमरावती। अमरावती शहर के साथ ही जिले में  बारिश ने सुबह-सुबह हल्की दस्तक दी। हल्की बारिश भी कुछ फसलों पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। बारिश से फसलों पर इल्ली के प्रकोप की भारी आशंका है। तुअर पर इसके विपरीत परिणाम दिखाई देंगे। बारिश से कपास चुनने में समस्या होगी और काली पड़ जाएगी, जबकि संतरा पेड़ से झड़ने लगा है। बारिश के कारण तापमान में भी एकदम से गिरावट देखने को मिली है। इससे कुछ फसलों को छोड़कर शेष पर विपरीत परिणाम पर रहे हैं। अमरावती तहसील के साथ ही भातकुली, अचलपुर, तिवसा, दर्यापुर, नांदगांव खंडेश्वर में हल्की बारिश की जानकारी मिली। 

दृश्यता घटकर 2 से 4 किमी पर आई : हल्की बारिश का असर मौसम पर सीधा-सीधा दिखाई दिया। बुधवार को अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 6.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तामपान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को 24 घंटे में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, दृश्यता घटकर 2 से 4 किलोमीटर पर आ गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को बादलों का जमावड़ा आसमान में देखने को मिल सकता है। ठंडी हवा चलने की वजह से सर्दी जोर पड़ती दिखाई दे रही है।

Tags:    

Similar News