परेशानी: राष्ट्रीय महामार्ग पर तेज आंधी से उड़ता रहा राख का गुबार, वाहन चालक परेशान

राष्ट्रीय महामार्ग पर तेज आंधी से उड़ता रहा राख का गुबार, वाहन चालक परेशान
  • फुलमोगरा व अशोकनगर परिसर के नागरिकों का स्वास्थ्य खतरे में
  • हाईवे पर निर्माणाधीन उड़ान पुल के काम में हो रहा राख का उपयोग
  • राख पर पानी डालने की आवश्यकता होती है, लेकिन नहीं किए उपाय

डिजिटल डेस्क, जवाहरनगर (भंडारा)। राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर भंडारा के बायपास मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में मंगलवार,7 मई को दिनभर चली आंधी के कारण यहां परिसर में सर्वत्र राख और धूल का गुबार उड़ता रहा, जिससे यहां महामार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों तथा परिसर के नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही यहां ग्राम फुलमोगरा, अशोक नगर व आसपास गांव के नागरिकों का स्वास्थ्य खतरे में आ गया है।

यहां बता दें कि ग्राम फुलमोगरा, अशोकनगर परिसर में बन रहे उड़ान पुल के निर्माण के लिए पॉवर प्लान्ट से निकलने वाली राख का उपयोग किया जाता है। ऐसे में यहां परिसर में हल्की हवाएं चलने पर ही धूल और रख का गुबार उड़ता है। लगातार उड़ने वाली राख से लोगों को श्वसन संबंधी समस्याएं होने लगी है। मात्र स्थानीय प्रशासन व निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार इस गंभीर समस्या की ओर अनदेखी कर रहे है। राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर भंडारा शहर के बायपास का निर्माण कार्य किया जा रहा है। बायपास के निर्माण के दौरान उड़ान पुल बनाते समय पॉवर प्लान्ट की राख का उपयोग किया जा रहा है।

अशोकनगर व फुलमोगरा गांव के नागरिकों के लिए यह समस्या उग्र बन गई है। मंगलवार, 7 मई को मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाएं चलने लगी। जिससे निर्माण कार्यस्थल की राख चारों ओर उड़ने लगी। इस राख पर पानी डालने की आवश्यकता होती है, लेकिन यहां किसी प्रकार उपाय नहीं किए जा रहे है। बायपास का मार्ग करते समय प्रति दिन सैकड़ों ट्रक, टिप्पर मौदा के पॉवर प्लान्ट से राख लाते है। यह राख उड़कर नागरिकों के आंखों व हवा के माध्यम से फेफड़ों तक पहंुच रही है। इससे गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ऐसे में इस समस्या पर निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार व प्रशासकीय अधिकारियों ने गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

Created On :   8 May 2024 12:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story