सम्मान: गड़चिरोली और गोंदिया के सी-60 दल का एक बार फिर राज्य में बजा डंका

गड़चिरोली और गोंदिया के सी-60 दल का एक बार फिर राज्य में बजा डंका
  • पथसंचलन में राज्य में हासिल किया प्रथम स्थान
  • अपर पुलिस महासंचालक ने किया सम्मानित
  • बेहतर प्रदर्शन की सराहना

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। नक्सली गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए जिला पुलिस विभाग द्वारा गठित किए गए सी-60 दल के जवानों के कार्यों से कोई अनजान नहीं है। नक्सलियों के खात्मे के साथ लाेगों की सुरक्षा और नक्सलियों की दहशत कम करने के कार्य में इस दल के जवानों ने काफी सफलता हासिल की है।

इस कड़ी में दल के जवानों को एक और सफलता हासिल हुई है। गणतंत्र दिवस के मौके पर किए गए पथसंचलन में पूरे राज्यभर में गड़चिरोली और गोंदिया जिले के सी-60 दल ने प्रथम स्थान अर्जित किया है। राज्य के अपर पुलिस महासंचालक के हाथों सोमवार, 29 अप्रैल को दल के जवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

बता दें कि, हर वर्ष गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को सुरक्षा दल के जवानों द्वारा पथ संचलन किया जाता है। गड़चिरोली के सी-60 दल के जवानों ने भी इस वर्ष 26 जनवरी 2024 को मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में राज्यपाल की उपस्थिति में पथसंचलन किया। इस पथसंचलन में गड़चिरोली के सी-60 दल को प्रथम स्थान प्रदान किया गया है।

गोंदिया की टीम को संयुक्त रूप में प्रथम स्थान दिया गया। वहीं राज्य आरक्षित पुलिस बल ने द्वितीय तो बृहन्मुंबई पुलिस दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जवानों की इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने पथ संचलन पथक के प्रमुख पुलिस निरीक्षक कुंदर गावडे, पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णा सालुंखे और अन्य जवानों का हौसला आफजाई किया है।

Created On :   30 April 2024 11:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story