रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, पश्चिम से उत्तर-पूर्व तक उत्साह में नजर आए कांग्रेसी

कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी के रोड शो में उमड़ी भीड़, मकानों और बिल्डिंगों की छतों से लोगों ने फूल बरसाकर किया स्वागत

Abhishek soni
Update: 2023-11-09 18:05 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी के रोड शो की शुरुआत पश्चिम िवधानसभा क्षेत्र स्थित पंडा की मढिय़ा से हुई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से करीब एक घंटा विलम्ब से शुरू होने के बावजूद भारी जनसमूह मौजूद रहा। प्रचार वाहन में सवार अपने नेता की झलक पाने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं में होड़ लगी रही। रोड शो के दौरान पश्चिम से उत्तर-पूर्व विधानसभाओं तक कांग्रेसी उत्साहित नजर आए और जगह-जगह लगाए गए स्वागत मंचों में बैंड-बाजों के साथ हवाओं में ध्वज लहराए। मकानों और बिल्डिंगों की छतों से लोगों ने राहुल पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। उनके वाहन के आगे रामधुन बिखेरते हुए चल रहा वाहन आकर्षण का केन्द्र रहा।

पश्चिम िवधानसभा में हुए रोड शो के दौरान वाहन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा, संजय कपूर, राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, महापौर जगत बहादुर िसंह अन्नू, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी तरुण भनोत, उत्तर-मध्य विस के प्रत्याशी िवनय सक्सेना, कैंट के प्रत्याशी अभिषेक चौकसे िचंटू सवार रहे। रोड शो शुरू होने के बाद श्री भनोत ने राहुल गांधी को लकड़ी से बना हल दिया जिसे उन्होंने हाथों में थामकर हवा में लहराया।

गर्मजोशी से स्वागत, भेंट किए पुष्प

पश्चिम विस के बाद राहुल गांधी ने कछपुरा ब्रिज से लेबर चौक के बीच उत्तर-मध्य विधानसभा में रोड शो किया। यहाँ रोड शो की दूरी कम जरूर थी, लेकिन कार्यकर्ताओं में काफी जोश था। कई स्वागत मंचों से कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर राहुल गांधी का स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने उन्हें फूल भेंट किए। इसके बाद श्री गांधी कार में सवार हुए और पुलिस सुरक्षा के बीच पूर्व विधानसभा के लिए रवाना हुए।

अंबेडकर की मूर्ति दिखाकर शुरू किया भाषण

पूर्व विधानसभा में राहुल गांधी को शीतलामाई मंदिर से रोड शो शुरू करना था। नेता और कार्यकर्ता उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन देर होने की वजह से कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया और उनका काफिला सीधे कांचघर चौक पहुँच गया। यहाँ उनका स्वागत पूर्व क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी लखन घनघोरिया ने किया और प्रचार वाहन में भाषण के लिए उन्हें ले जाया गया। मंच पर पहुँचने पर श्री घनघोरिया ने उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति भेंट की। श्री गांधी ने जनता को अंबेडकर की मूर्ति िदखाकर अपने भाषण की शुरुआत की।

सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता

राहुल गांधी के रोड शो के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। उनकी सुरक्षा में 400 से ज्यादा जवान तैनात किए गए थे। बिना अनुमति उनके पास किसी को भी जाने की इजाजत नहीं मिली। वे ही नेता मिले, जिन्हें अनुमति मिली। सुरक्षा घेरे में पहले सीआरएफ का विशेष दस्ता रहा। इसके बाद प्रदेश व जिला पुलिस बल का घेरा था। रोड शो और सभा के बाद श्री गांधी िवश्राम के लिए रवाना हो गए, वे शुक्रवार की सुबह सतना के लिए रवाना होंगे।

Tags:    

Similar News