नवविवाहिता नर्स की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

संजीवनी नगर थाने का मामला, जाँच में जुटी पुलिस

Abhishek soni
Update: 2024-05-08 17:48 GMT

डिजिटल डेस्क जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र स्थित धनवंतरी नगर में रहने वाली एक 22 वर्षीय नवविवाहिता नर्स ने संदिग्ध परिस्थितियों में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत पर संदेह जताते हुए मायके वालों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। बुधवार को पीएम के बाद परिजन शव को बालाघाट ले गए। वहीं मर्ग कायम कर पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बालाघाट निवासी साक्षी सिलारे का विवाह करीब एक साल पहले 23 मई 2023 को धनवंतरी नगर निवासी ललित से हुआ था। साक्षी एक निजी अस्पताल में नर्स थी। वहीं उसका पति कार कंपनी में कार्यरत है। दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण मकान के निचले हिस्से में साक्षी रहती थी और ऊपरी हिस्से में उसका पति अपने माता-पिता के साथ रहता था। सोमवार की रात 10 बजे के करीब साक्षी ड्यूटी से लौटी और अपने माता-पिता से फोन पर बात की, उसके बाद वह कमरा बंद करके सो गयी। मंगलवार की सुबह पति ललित ने खिड़की से झाँककर देखा तो उसकी पत्नी साक्षी मृत अवस्था में फंदे पर लटकी हुई दिखी। पति ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस से मौके पर पहुँचकर शव को फंदे से उतरवाकर पीएम के लिए मेडिकल पहुँचाया।

परिजनों ने कहा- हत्या कर फंदे पर लटकाया

घटना की जानकारी लगने पर मृतका के मायके वाले बालाघाट से जबलपुर पहुँचे। यहाँ बुधवार को उनकी मौजूदगी में पीएम कराया गया। इस दौरान मृतका के भाई शुभम ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या की गयी है। हत्या के बाद उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है। मायके पक्ष के बयान दर्ज कर पुलिस प्रकरण की जाँच पड़ताल में जुटी है।

Tags:    

Similar News