मराठा आरक्षण: जहर देकर मारने के आरोप पर फडणवीस का पलटवार, पवार-उद्धव की भाषा बोल रहे जरांगे

  • सरकार के खिलाफ साजिश रची जा रही-मुख्यमंत्री
  • जरांगे-पाटील ने कहा था जहर देकर मारने की हो रही कोशिश
  • फडणवीस ने कहा जरांगे पवार-उद्धव की भाषा बोल रहे हैं

Tejinder Singh
Update: 2024-02-26 13:40 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। डीसीएम देवेंद्र फडणवीस ने मराठा नेता जरांगे पर पलटवार करते कहा कि मेरे ऊपर जो आरोप लगाए गए हैं वो सब झूठे हैं। फडणवीस ने कहा कि जरांगे-पाटील, शरद पवार और उद्धव ठाकरे की भाषा बोल रहे हैं। लेकिन राज्य सरकार किसी को कानून हाथ में नहीं लेने देगी। पिछले कुछ दिनों से मराठा आरक्षण को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जरांगे-पाटील ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जरांगे-पाटील ने रविवार को अंतरवाली-सराटी में आंदोलन कर रहे लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि फडणवीस मेरा एनकाउंटर कराने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे सलाइन में जहर देने का प्रयास किया जा रहा है। यही कारण है कि मैंने सलाइन लेना बंद कर दिया है। आरोप लगाने के बाद जरांगे-पाटील मुंबई में देवेंद्र फडणवीस के सागर बंगले की ओर निकल गए। फडणवीस ने जरांगे-पाटील के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि वो शरद पवार और उद्धव ठाकरे की भाषा बोल रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जरांगे-पाटील के आरोपों पर कहा कि सरकार के खिलाफ एक साजिश रची जा रही है। इसका जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।

दो दिनों पहले जरांगे के दो पूर्व सहयोगियों ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद जरांगे-पाटील ने गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि फडणवीस मेरे लोगों से ही मुझ पर झूठे आरोप लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फडणवीस मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की भी नहीं सुनते हैं। फडणवीस अपनी पार्टी के लोगों को भी धीरे-धीरे खत्म कर रहे हैं और किसी को बड़ा नहीं होने देते। उन्होंने एकनाथ खडसे और महादेव जानकर को भी बड़ा नहीं होने दिया।

कार में बैठकर मुंबई रवाना

जरांगे-पाटील ने कहा कि फडणवीस का सपना है कि मैं किसी भी तरह से मर जाऊं। इसके बाद जरांगे-पाटील ने ऐलान किया कि वह सब कुछ बताने के लिए मैंने अब मुंबई में फडणवीस के सागर बंगले पर जाने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि फडणवीस अपनी पुलिस से कह दें कि मुझे वह गोली मार दें। मुंबई जाने का ऐलान करने के बाद वो पैदल ही मुंबई निकल गए, लेकिन आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद वो एक कार में बैठकर मुंबई के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि इस बार मैं मुंबई जाकर मराठा आरक्षण लेकर ही आऊंगा या फिर मेरी मृत देह वापस आएगी। जरांगे ने फडणवीस को ब्राह्मणी कौवा भी कहा।

जल्द होगा साजिश का पर्दाफाश

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जरांगे को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने संयम रखा है इसलिए उसकी परीक्षा न ली जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ साजिश रची जा रही है जिसका जल्द पर्दाफाश किया जाएगा। शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार जरांगे की सभी मांगे मान चुकी है लेकिन वह अपनी मांगे बढ़ाते जा रहे हैं। उनकी भाषा राजनीतिक भाषा बन गई है।

Tags:    

Similar News