कार्रवाई: घर खरीददारों की नुकसान भरपाई, महारेरा ने 421 बिल्डरों को भेजा 1095 वारंट

  • 237 वारंट से 14 महीने में वसूले 125 करोड़ रुपए
  • सबसे ज्यादा वारंट मुंबई उपनगर के बिल्डरों

Tejinder Singh
Update: 2024-03-28 15:27 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, सुजीत गुप्ता। महारेरा ने घर खरीदारों को परियोजना से संबंधित होनेवाले नुकसान की भरपाई के लिए बड़ी कार्रवाई की है। जिसमें पिछले 14 महीनों में आवासीय निर्माण करनेवाले बिल्डरों को 1095 वारंट जारी किया है और उनसे 125 करोड़ रुपए का मुआवजा वसूला है। महारेरा ऐसी कार्रवाई करने वाला एकमात्र रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण है। इस कार्रवाई को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए महारेरा ने अब तक जारी किए गए वारंट में संबंधित बिल्डर के बैंक खाता नंबर का उल्लेख भी किया है, जिससे राजस्व विभाग को वसूली कार्रवाई में आसानी होगी। बता दें कि महारेरा ने साल 2023 के जनवरी में घर खरीददारों के नुकसान भरपाई की वसूली के लिए सेवा निवृत अपर जिलाधिकारियों की नियुक्ति की थी। महरेरा ने नुकसान भरपाई के लिए अब तक 421 परियोजनाओं के खिलाफ 661.15 करोड़ रुपए की वसूली के लिए 1095 वारंट जारी किया है। जिसमें कार्रवाई शुरू होने से अब तक 117 परियोजनाओं के खिलाफ जारी 237 वसूली वारंट से 159.1 करोड़ रुपए वसूल भी किए हैं। राज्य में सबसे ज्यादा वारंट मुंबई उपनगर के 114 आवासीय परियोजनाओं को जारी किया गया है। इसके बाद पुणे का नंबर आता है।

राम दोतोंडे, मीडिया सलाहकार के मुताबिक महरेरा समय-समय पर सुनवाई करके ब्याज/क्षति/रिफंड के भुगतान के संबंध में महरेरा द्वारा पारित आदेशों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहा है। साथ ही, महारेरा इस नियंत्रण प्रणाली को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला स्तर पर जारी वारंट और वसूली गई रकम

मुंबई शहर: 17 आवासीय प्रोजेक्ट को 32 वारंट जारी किए गए। इनसे 64.73 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, इसमें से 8 प्रोजेक्ट के 14 वारंट से 21.19 करोड़ रुपए की वसूली अब तक की गई है।

मुंबई उपनगर: 114आवासीय प्रोजेक्ट को 434 वारंट जारी किए गए। इनसे 298 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, जिनमें से 40 प्रोजेक्ट के 75 वारंट से 71.06 करोड़ रुपए की वसूली अब तक की गई है।

पुणे: 123 आवासीय प्रोजेक्ट को 239 वारंट जारी किए गए हैं। इनसे 181.49 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, जिसमें से 35 प्रोजेक्ट के 55 वारंट से 38.90 करोड़ रुपए की वसूली अब तक की गई है।

ठाणे: 77 आवासीय प्रोजेक्ट को 174 वारंट जारी किए गए हैं। इनमें से 58.7 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, इनमें से 7 प्रोजेक्ट के 8 वारंट से 4.73 करोड़ रुपए की वसूली अब तक की गई है।

नागपुर: 5 आवासीय प्रोजेक्ट को 19 वारंट जारी किए गए। इनसे 10.66 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, जिसमें से 12 प्रोजेक्ट से 9.41 करोड़ रुपए की वसूली अब तक की गई है।

छत्रपति संभाजीनगर: 2 आवासीय प्रोजेक्ट को 13 वारंट जारी किए गए। इनसे 4.04 करोड़ रुपए वसूल किए जाने हैं, इनमें से 2 प्रोजेक्ट के 9 वारंट से 3.84 करोड़ रुपए की वसूली की गई है।

Tags:    

Similar News