नागपुर: मेयो में अफरा-तफरी व तनाव का माहौल रहा, आरोपी फर्जी पत्रकार मुस्ताक का हंगामा

  • दांतों से काटा, गला दबाया
  • अचानक उग्र हो गया
  • रस्सी छुड़ाकर भागने का प्रयास किया

Tejinder Singh
Update: 2024-03-17 11:41 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. स्वास्थ्य की जांच-पड़ताल के दौरान आरोपी ने मेयो अस्पताल में जमकर हंगामा किया। न सिर्फ चिकित्सक से अभद्र बर्ताव किया, बल्कि दो-तीन पुलिस कर्मचारी और मेयो के सुरक्षा रक्षक को दांतों से काट डाला। रस्सी छुड़ाकर भागने के प्रयास में एक पुलिस कर्मी का गला दबा कर जान से मारने का भी प्रयास किया। हंगामे से अफरा-तफरी व तनाव का माहौल बना रहा। तहसील थाने में आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

स्वास्थ्य जांच से मना किया : आरोपी फर्जी पत्रकार मुस्ताक उर्फ मुन्ना पटेल अहमद पटेल (48) संघर्ष नगर निवासी है। उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग व वसूली करने के आरोप हैं। प्रकरण दर्ज होने से सदर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। शनिवार को उसके पीसीआर की अवधि खत्म होने से उसे अदालत में पेश िकया जाने वाला था। उसके पहले पुलिस ने उसके स्वास्थ्य की जांच-पड़ताल के लिए मेयो अस्पताल ले गई थी। एमएलसी कार्ड निकालने के पश्चात जब पुलिस उसे चिकित्सक के पास ले गई, तो उसने अपने स्वास्थ्य की जांच करने से मना िकया। उसका कहना था कि वह वरिष्ठ चिकित्सक से अपनी जांच कराएगा।

अचानक उग्र हो गया

इसके बाद वह उग्र हो गया। चिकित्सक और पुलिस कर्मियों से गाली-गलौज करने लगा। पुलिस कर्मी मोहन सिंह ठाकुर, राजेश कोचे, धनपत मंझरेटे, राजेंद्र वानखेडे और महिला पुलिस सिपाही मेघा ने उसे किनारे ले जाकर समझाने का प्रयास किया तो धक्का देकर उसे नीचे गिरा दिया और रस्सी छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। आरोपी को उग्र होता देख पुलिस उसे मेयो के पुलिस चौकी में ले गई। वहां पर आरोपी ने धनपत के एक हाथ को दांत से काट डाला। उसके गुप्तांग पर प्रहार कर जान से मारने का प्रयास किया। नायक पुलिस सिपाही मोहन सिंह ने रोकने का प्रयास किया, तो दोनों हाथों से गला दबाकर उसे भी जान से मारने का प्रयास किया। हंगामा होता देखकर मेयो के सुरक्षा रक्षक बीच-बचाव करने दौड़े तो आरोपी ने उन्हें भी दांतों से काटा। उसके बाद दीवार पर खुद का सिर मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसने पुलिस कर्मियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

Tags:    

Similar News