नागपुर: वाहनों पर गिरे पेड़, दीवारें भरभराईं - क्षतिग्रस्त पेड़ों को काट यातायात सुचारू किया

वाहनों पर गिरे पेड़, दीवारें भरभराईं - क्षतिग्रस्त पेड़ों को काट यातायात सुचारू किया
  • भारी नुकसान, जनहानि नहीं
  • रामदासपेठ परिसर में गुरुद्वारे के सामने का मजबूत बड़ा पेड़ गिरने से करीब 4 वाहनों को नुकसान

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शनिवार की दोपहर अचानक तेज आंधी और तूफान के साथ बरसात से शहर में कई जगहों पर पेड़ गिर गए। पेड़ों के गिरने से रामदासपेठ, आरबीआई इमारत परिसर में अनेक दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि वर्धमान नगर में सोलर पैनल के गिरने से कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। मनपा के अग्निशमन दल की ओर से करीब 10 से अधिक वाहनों और कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पेड़ों को काटकर यातायात काे सुचारू किया। शहर में अचानक कड़ी धूप के बाद मौसम के बदलने से तेज आंधी और तूफान में पेड़ों के गिरने के साथ ही धूल भरी आंधी से खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है। मनपा के अग्निशमन दल की ओर से करीब 10 से अधिक वाहनों और कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पेड़ों को काटकर यातायात काे सुचारू किया।

भारी नुकसान, जनहानि नहीं

शहर के अनेक इलाकों में शनिवार को तेज आंधी और तूफान से नुकसान हुआ। कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटना हुई है। हालांकि जनहानि की खबर नहीं है। क्षतिग्रस्त पेड़ों को अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की सहायता से हटाकर रास्तों के यातायात को सुचारू किया गया।

मेकोसा बाग की क्रिश्चियन कालोनी परिसर, सिविल लाइन में तहसील कार्यालय परिसर, जापानी गार्डन चाैक, आकाशवाणी चौक, महाल के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, अशोक चौक, चांभार नाला परिसर समेत कई इलाकों में पेड़ गिरे।

नंदनवन में साईंबाबा मंदिर परिसर के कदिर शेख के आटो (क्रमांक एमएच-49 ई-4617) को नुकसान हुआ है।

मानकापुर चौक में पेट्रोल पंप के समीप और रामसुमेर बाबानगर के नीलेश वासनिक के घर पर भी पेड़ के गिरने से नुकसान हुआ है।

रामदासपेठ परिसर में गुरुद्वारे के सामने का मजबूत बड़ा पेड़ गिरने से करीब 4 वाहनों को नुकसान हुआ है।

तेज आंधी तूफान के चलते दोपहर में पेड़ गिरने से पार्किंग में खड़े 4 वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

रातुम नागपुर विद्यापीठ परिसर में भी तेज आंधी और तूफान के चलते पेड़ गिरा है।

देवगिरी बंगले के समीप भी पेड़ के गिरने से कुछ समय के लिए यातायात जाम की स्थिति बन गई थी।

कामठी रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप रास्ते पर लगे लोहे के फलक भी गिर गया। कोई नुकसान नहीं हुआ।

रिजर्व बैंक इमारत के समीप पुराना और मजबूत जामुन का पेड़ गिर गया। उसके नीचे 3 वाहन दब गए।

गोवा कालोनी परिसर में शासकीय तंत्रनिकेतन के समीप माइकल स्टीफन के घर की जर्जर दीवार गिर गई। घरेलू सामग्री को नुकसान हुआ है।

वर्धमाननगर परिसर में एक घर के सोलर पैनल भी तेज हवा के चलते ऊखड़कर गिर गए। पैनल के नीचे आने से कार क्षतिग्रस्त हो गई।

Created On :   17 March 2024 11:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story