Nagpur News: मुंढे की नई पारी के संकेत, रेशीमबाग के मंच से बढ़ीं राजनीतिक भविष्य की चर्चाएं

मुंढे की नई पारी के संकेत, रेशीमबाग के मंच से बढ़ीं राजनीतिक भविष्य की चर्चाएं
रिटायरमेंट से पहले सार्वजनिक जीवन को लेकर दिया था बड़ा संदेश

Nagpur News महाराष्ट्र के चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि वे प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त होंगे, लेकिन सार्वजनिक जीवन से नहीं। उनके इस बयान के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि क्या मुंढे भविष्य में सक्रिय राजनीति का रास्ता चुन सकते हैं। अब नागपुर के रेशीमबाग स्थित महाकवि सुरेश भट सभागृह में प्रस्तावित उनके युवा संवाद कार्यक्रम ने इन अटकलों को और तेज कर दिया है।

संघ मुख्यालय परिसर में कार्यक्रम : 2 अगस्त को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुंढे हजारों युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स राइट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और स्टूडेंट्स राइट्स फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। आधिकारिक तौर पर इसका उद्देश्य युवाओं को सुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देना बताया गया है। हालांकि कार्यक्रम का स्थान राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। रेशीमबाग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय के लिए जाना जाता है। ऐसे में इस मंच पर मुंढे की मौजूदगी को केवल एक सामान्य सार्वजनिक कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जा रहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में उनकी बढ़ती सक्रियता भविष्य की किसी बड़ी भूमिका की तैयारी का संकेत भी हो सकती है।

सख्त प्रशासक की छवि, इसलिए हर कदम पर नजर : तुकाराम मुंढे की पहचान एक कड़े, नियमों का सख्ती से पालन कराने वाले और विवादों से बेखौफ अधिकारी के रूप में रही है। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए, जिनकी व्यापक चर्चा हुई। लगातार तबादलों के बावजूद उनकी लोकप्रियता बनी रही और जनता के बीच उनकी अलग पहचान तैयार हुई। इसी बीच उनके जीवन और प्रशासनिक संघर्षों पर आधारित पुस्तक के प्रकाशन की भी चर्चा है। ऐसे समय में जब वे युवाओं के बीच संवाद कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं, उनके अगले कदम को लेकर उत्सुकता स्वाभाविक मानी जा रही है।

फिलहाल राजनीति में प्रवेश को लेकर मुंढे की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन रिटायरमेंट के बाद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने की उनकी घोषणा ने इतना जरूर तय कर दिया है कि आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र दोनों उनकी भूमिका पर नजर बनाए रखेंगे।

Created On :   3 July 2026 4:20 PM IST

Tags

Next Story