- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पति के जुल्म से तंग आकर पत्नी ने...
Nagpur News: पति के जुल्म से तंग आकर पत्नी ने कराई हत्या, एक लाख की सुपारी देकर रची साजिश

Nagpur News प्रेम विवाह के बाद पति की प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। पति द्वारा लगातार चरित्र पर शक, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवा दी। भांडेवाड़ी इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। मृतक की पहचान गणेश उर्फ गुरुदेव प्रितमलाल बोरकर (45) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में उसकी पत्नी मनीषा बोरकर (37) और अभिजीत पुरुषोत्तम साखरे (29), निवासी कन्हान शामिल हैं। वहीं अमन कैथवास, रोहित बोरकर तथा एक नाबालिग आरोपी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े -नागपुर में 9 से 12 तक ब्रिक्स का ट्रांसपोर्ट महाकुंभ, 11 देशों के नीति-निर्माता करेंगे मंथन
पुलिस के अनुसार, मनीषा की पहली शादी असफल रही थी। पहले पति की प्रताड़ना से अलग होने के बाद उसकी मुलाकात गणेश बोरकर से हुई और दोनों ने परिवार की सहमति से प्रेम विवाह कर लिया। शादी के कुछ वर्षों बाद मनीषा को पता चला कि गणेश एक कुख्यात अपराधी है। वह भी पत्नी के चरित्र पर संदेह कर लगातार मारपीट करने लगा। कुछ दिन पहले हुई मारपीट के बाद मनीषा मायके चली गई थी और जाते समय पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
जांच में सामने आया कि मनीषा ने अभिजीत साखरे और उसके साथियों को पति की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसमें 50 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि शेष रकम हत्या के बाद देने का सौदा हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने भांडेवाड़ी क्षेत्र में गणेश को घेरकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मनीषा खुद रोते-बिलखते पुलिस थाने पहुंची और पति की हत्या की सूचना देकर खुद को बेगुनाह दिखाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने सबूत मिटाने की भी कोशिश की।
जांच में यह भी सामने आया कि मनीषा की पहली शादी से हुई 16 वर्षीय बेटी पर भी गणेश की गलत नजर थी और वह उसके करीब आने की कोशिश करता था। इसके अलावा गणेश पर पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला भी दर्ज है। वह दिसंबर 2025 में जेल से रिहा हुआ था। पुलिस का मानना है कि उसके आपराधिक और विकृत व्यवहार से परिवार के सदस्य भी असुरक्षित थे। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक विनायक गोल्हे के मार्गदर्शन में भांडेवाड़ी थाने के प्रभारी नितीन चरडे तथा उनकी टीम ने की। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Created On :   3 July 2026 4:40 PM IST














