- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रिटायर्ड अधिकारी से पौने 12 लाख की...
साइबर अपराध: रिटायर्ड अधिकारी से पौने 12 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली हाईकोर्ट में केस और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ऐंठी रकम

Nagpur News. दिल्ली हाईकोर्ट में मामला दर्ज होने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर साइबर ठगों ने पंचायत समिति के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से 11.85 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अरुण बी. (परिवर्तित नाम) कामठी पंचायत समिति से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और वर्तमान में हुडकेश्वर क्षेत्र में रहते हैं। उनका बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। उन्होंने 22 दिसंबर 2025 को दिल्ली से एक आयुर्वेदिक दवा ऑनलाइन मंगाई थी।
कुछ समय बाद उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उन्होंने प्रतिबंधित आयुर्वेदिक दवा कुरियर से मंगाई है, जिसके कारण उनके खिलाफ दिल्ली में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े -आरएसएस ने तोड़ी चुप्पी - होसबोले बोले, दोषियों को मिले सख्त सजा, अब चंपत और अन्य की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
इसके बाद साइबर ठगों ने उन्हें यह कहकर भयभीत किया कि उनका मामला दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित है। यदि वे मामले को खत्म कराना चाहते हैं तो उन्हें निर्धारित राशि जमा करनी होगी। साथ ही धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर पुलिस उनके घर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।
गिरफ्तारी के डर से पीड़ित ठगों के झांसे में आ गए। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर दिल्ली हाईकोर्ट से संबंधित फर्जी दस्तावेज भी भेजे, जिससे उन्हें पूरी कहानी सच लगी। इसके बाद ठगों ने उन्हें अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराने के लिए कहा और उनके विभिन्न बैंक खातों से कुल 11.85 लाख रुपये की ठगी कर ली।
जब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब उन्होंने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Created On :   3 July 2026 6:13 PM IST












