कार्रवाई: प्रेम संबंध टूटने से नाराज युवक ने प्रेमिका और उसकी मां से की मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Third Party

Third Party

  • नाराज युवक ने प्रेमिका के घर पहुंचकर उससे और उसकी मां के साथ मारपीट कर दी
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया

Nagpur News. प्रेम संबंध समाप्त होने से नाराज एक युवक ने प्रेमिका के घर पहुंचकर उससे और उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। घटना बुधवार रात यशोधरानगर थाना क्षेत्र के बिनाकी इलाके में हुई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सूरज यादव उर्फ सूरज सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय युवती एक कपड़े की दुकान में काम करती थी। वहीं उसकी पहचान सूरज से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोपी ने उससे शादी का वादा भी किया था। कुछ समय बाद युवती को पता चला कि सूरज का किसी अन्य युवती के साथ भी प्रेम संबंध है। इसके बाद उसने उससे रिश्ता खत्म कर दिया।

रिश्ता टूटने के बाद सूरज लगातार युवती को फोन कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। हालांकि युवती ने दोबारा संबंध रखने से स्पष्ट इनकार कर दिया।

बुधवार रात करीब 9 बजे सूरज युवती के घर पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। युवती के बात करने से इनकार करने पर आरोपी ने गुस्से में हाथ में पहने कड़े से उसकी पिटाई कर दी। बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आई उसकी मां के साथ भी उसने मारपीट की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने यशोधरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Created On :   3 July 2026 6:56 PM IST

Tags

Next Story