- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हॉर्न बजाना पड़ा भारी, कार चालक पर...
सड़क पर दादागिरी: हॉर्न बजाना पड़ा भारी, कार चालक पर बाइक सवारों ने किया जानलेवा हमला और जमकर की तोड़फोड़

Third Party
Nagpur News. मानकापुर क्षेत्र में हॉर्न बजाने की मामूली बात पर बाइक सवार युवकों ने कार चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले कार का पीछा किया, फिर रास्ता रोककर वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुराना मानकापुर निवासी कुणाल मधुसूदन सिंह (35) अपनी मित्र हरनीत कौर लांबा के साथ वर्ना कार से जरीपटका से घर लौट रहे थे। मार्टिन नगर पुलिया पर चढ़ते समय 7-8 मोटरसाइकिलों पर सवार 15-16 युवक उनकी कार के आगे जिगजैग तरीके से वाहन चला रहे थे। रास्ता साफ कराने के लिए कुणाल ने हॉर्न बजाया, जिससे युवक भड़क गए।
कुछ दूरी पर मानकापुर चौक से पहले आरोपियों ने कार का पीछा कर उसे घेर लिया। एक बुलेट सवार ने कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद सभी युवकों ने गाली-गलौज करते हुए कार रोकने का कारण पूछा और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने पत्थरों से कार के बोनट पर हमला किया और पीछे की डिक्की का शीशा तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। कुणाल के कार से उतरते ही आरोपियों ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने पत्थर से उनकी गर्दन और पीठ पर वार कर उन्हें घायल कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने एक आरोपी की दोपहिया का नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया। इसी आधार पर मानकापुर पुलिस ने जानलेवा हमले, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Created On :   2 July 2026 6:16 PM IST














