Nagpur News: जीएसटी भरने के नाम पर 8 लाख की ठगी, भरोसेमंद अकाउंटेंट निकला फरेबी

जीएसटी भरने के नाम पर 8 लाख की ठगी, भरोसेमंद अकाउंटेंट निकला फरेबी
  • दो साल तक व्यापारी का विश्वास जीतकर हड़पी रकम
  • हुडकेश्वर पुलिस ने दर्ज किया मामला

Nagpur News जीएसटी जमा कराने के नाम पर एक इलेक्ट्रिकल व्यापारी से 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कारोबारी का वर्षों तक भरोसा जीतने वाले अकाउंटेंट ने टैक्स की राशि अपने पास रख ली और सरकार के खाते में जमा ही नहीं कराई। शिकायत के बाद हुडकेश्वर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य व्यापारियों के साथ भी धोखाधड़ी की है या नहीं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकार के अनुसार, गजानन नगर निवासी पांडूरंग जगनराव राउत (40) की चक्रपाणी नगर स्थित लक्ष्मी ट्रेडिंग सर्विसेस के नाम से इलेक्ट्रिकल मटेरियल सप्लाई का व्यवसाय है। वर्ष 2023 से सितंबर 2025 तक प्रकाश शर्मा उनके यहां अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत था। वह कच्चे बिलों के आधार पर पक्के बिल तैयार करता था तथा जीएसटी संबंधी सभी कार्य देखता था। व्यापारी के मुताबिक, वह जीएसटी जमा कराने के लिए समय-समय पर आरोपी के मोबाइल पर रकम भेजता रहा।

आरोपी ने विश्वास का फायदा उठाते हुए करीब 8 लाख रुपए अपने पास रख लिए और जीएसटी की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं की। लंबे समय तक इस हेराफेरी की भनक तक नहीं लगी। जब खातों की जांच की गई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद व्यापारी ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Created On :   2 July 2026 3:47 PM IST

Tags

Next Story