- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फर्जी प्लॉट बेचकर 9.95 लाख की ठगी,...
Nagpur News: फर्जी प्लॉट बेचकर 9.95 लाख की ठगी, बंटी - बबली पर मामला दर्ज

Nagpur News गिट्टीखदान क्षेत्र में फर्जी प्लॉट बेचकर करीब 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हाउसिंग सोसाइटी का अध्यक्ष और सचिव होने का फायदा उठाते हुए खरीदार को ऐसा प्लॉट बेच दिया, जिसका अस्तित्व ही एनआईटी के मंजूर नक्शे में नहीं था।
शिकायत के बाद गिट्टीखदान पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वाड़ी निवासी प्रदीप मानिकराव नवघरे (49) ने वर्ष 2017 में निता को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के अध्यक्ष चंद्रकांत पुलिन बिस्वास और सचिव सबिता चंद्रकांत बिस्वास से मौजा दाभा स्थित प्लॉट क्रमांक 50-ए का सौदा 9 लाख 95 हजार 29 रुपए में किया था।
आरोपी दंपति (बंटी और बबली) को यह बात पता थी कि कोई प्लॉट की जगह नहीं है, इसके बाद आरोपी दंपति ने वर्ष 2018 में रजिस्ट्री भी करा दी, लेकिन दस्तावेज में केवल 2 लाख रुपये का मूल्य दर्शाया गया।वर्ष 2024 में जब प्रदीप ने प्लॉट पर निर्माण सामग्री डलवाई तो एक महिला ने जमीन पर अपना दावा जताते हुए पुलिस में शिकायत कर दी। इसके बाद एनआईटी में जांच कराने पर पता चला कि मंजूर ले-आउट में प्लॉट नंबर 50-ए का कोई अस्तित्व ही नहीं है । आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी नक्शा दिखाकर खुली जमीन को प्लॉट बताकर रजिस्ट्री कर दी और करीब 10 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इसी तरह अन्य लोगों को भी तो फर्जी प्लॉट बेचकर ठगा नहीं गया। शिकायत के आधार पर गिट्टीखदान पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
Created On :   2 July 2026 3:40 PM IST















