Nagpur News: नागपुर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन पर खर्च होंगे 600 करोड़: जीएमआर

नागपुर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन पर खर्च होंगे 600 करोड़: जीएमआर
  • मेंटेनेंस, विस्तार और मास्टर प्लान पर होगा काम
  • मौजूदा वर्ष में 25 लाख यात्री संख्या का अनुमान

Nagpur News जीएमआर समूह द्वारा नागपुर एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और आधुनिकरण पर चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 500 से 600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह राशि मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन पर खर्च की जाएगी। यह पैसा कंपनी रिजर्व और बैंक से लिए गए लोन के जरिए लगाएगी। एक इंटरव्यू के दौरान जीएमआर समूह में वित्त एवं रणनीति कार्यकारी निदेशक सौरभ छाबड़ा ने यह जानकारी दी। छाबड़ा ने कहा कि, जीएमआर ने नागपुर एयरपोर्ट का मास्टर और टर्मिनल प्लानिंग पर काम शुरू कर दिया है। कंपनी चालू वित्त में 500 से 600 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसमंे से करीब 200 से 250 करोड़ रुपए रख-रखाव और अपग्रेडेशन पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 300-350 करोड़ रुपए अगले चरण के विकास कार्यों में खर्च किए जाएंगे।

कमाई का फॉर्मूला : छाबड़ा ने दिल्ली एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए बताया कि, जब एयरपोर्ट पर बड़ा निवेश किया जाता है, तो उसकी कमाई का तरीका भी बदल जाता है। दिल्ली एयरपोर्ट में करीब 13,000 करोड़ का निवेश (कैपेक्स) किया गया था। इसके बाद हर यात्री से मिलने वाली औसत कमाई जिसे ‘यील्ड पर पैसेंजर’ कहा जाता है, जो 150 रुपए से बढ़कर लगभग 360 रुपए हो गई। यही तरीका नागपुर एयरपोर्ट पर भी लागू होगा। यानी जब यहां विस्तार और विकास पर पैसा लगाया जाएगा, तो भविष्य में एयरपोर्ट की कमाई का ढांचा उसी हिसाब से तय होगा। यह पूरी गणना इस बात पर निर्भर करती है कि, एयरपोर्ट में कितना निवेश हुआ और भविष्य में कितने यात्री आएंगे।

सालाना 3 करोड़ यात्री का लक्ष्य : छाबड़ा ने बताया कि, कंपनी का लक्ष्य नागपुर एयरपोर्ट की क्षमता को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर लगभग 30 मिलियन (3 करोड़) यात्री सालाना तक पहुंचाना है। यह विस्तार भविष्य के मास्टर प्लान और निवेश पर आधारित होगा। फिलहाल इस वित्त वर्ष में नागपुर एयरपोर्ट पर करीब 25 लाख यात्रियों के आने का अनुमान है। यानी अभी यह एक शुरुआती स्तर पर है, लेकिन आने वाले वर्षों में क्षमता और यात्री संख्या दोनों में बड़ा इजाफा करने की योजना है।


Created On :   1 July 2026 4:25 PM IST

Tags

Next Story