- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रेमिका की गाड़ी में छुपाया एमडी...
Nagpur News: प्रेमिका की गाड़ी में छुपाया एमडी ड्रग्स, सीसीटीवी ने खोला राज

Nagpur News प्रेम संबंधों में आई दरार और बदले की आग में अंधे होकर एक प्रेमी द्वारा अपनी पूर्व-प्रेमिका को ड्रग्स तस्करी के झूठे मामले में फंसाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से महिला के दुपहिया वाहन में प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स छिपाकर खुद ही पुलिस को इसकी मुखबिरी कर दी थी। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी फुटेज की जांच ने कुछ ही घंटों में इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की यूनिट क्रमांक दो और वाड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार (29 जून) दोपहर आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पीसीआर में भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला? : पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, म्हालगी नगर निवासी गोपाल झोडगे (37 वर्ष), जो पेशे से आटा चक्की संचालक है और शादीशुदा है, का पिछले 8-9 महीनों से एक 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान एक साझा मित्र के माध्यम से हुई थी।
महिला का आरोप है कि गोपाल उसके साथ अक्सर मारपीट, गाली-गलौज करता था और उस पर अत्यधिक पाबंदियां लगाता था। इन प्रताड़नाओं से तंग आकर महिला ने करीब एक महीने पहले गोपाल से अपने सारे संबंध तोड़ लिए थे। दूसरी ओर, आरोपी गोपाल का दावा है कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी और उसकी पत्नी को उनके रिश्ते के बारे में बताने की धमकी देकर पैसे ऐंठ रही थी। एक बार सबूत के तौर पर फोटो भी भेजी थी।
पिज्जा सेंटर के बाहर रची गई साजिश : संबंध टूटने के बाद भी गोपाल लगातार महिला का पीछा कर रहा था। रविवार को जब पीड़िता वाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तवक्कल ले-आउट स्थित साहिल कॉम्प्लेक्स के एक पिज्जा सेंटर में गई हुई थी, तब गोपाल भी वहां पहुंच गया। वह करीब तीन घंटे तक महिला के दोपहिया वाहन के इर्द-गिर्द मंडराता रहा। इसी दौरान मौका पाकर गोपाल ने महिला की स्कूटी के फुटरेस्ट (पैर रखने की जगह) में 45 हजार रुपये मूल्य का 8.9 ग्राम एमडी ड्रग्स का पैकेट छुपा दिया। इसके तुरंत बाद उसने खुद ही अपराध शाखा की यूनिट-2 के अधिकारियों को फोन कर सूचना दी कि एक महिला भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर जा रही है।
प्रेमिका के एक सवाल से घूमा केस : मुखबिर (जो खुद आरोपी है) से सटीक जानकारी मिलने पर पुलिस ने पिज्जा सेंटर के बाहर जाल बिछाया। जैसे ही महिला अपने वाहन के पास आई, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। वाहन की तलाशी लेने पर बताई गई जगह से 8.9 ग्राम ड्रग्स बरामद भी हो गया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब पुलिस ने महिला से पूछताछ शुरू करने का प्रयास किया। पुलिस के कुछ भी पूछने से पहले ही महिला ने कहा, "पुलिस को गोपाल ने ही मेरे वाहन में ड्रग्स होने की सूचना दी है न?' महिला के इस सवाल ने पुलिस को सोच में डाल दिया कि आखिर गुप्त कार्रवाई और सूचना देने वाले का नाम महिला को पहले से कैसे पता था।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज : संदेह होने पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभांगी देशमुख और वाड़ी थाने के नितिन मगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में साफ देखा गया कि गोपाल 3 घंटे से महिला की गाड़ी का पीछा कर रहा था और उसने ही चुपके से गाड़ी के फुटरेस्ट में पैकेट प्लांट किया था। पुलिस ने महिला की गाड़ी से 45,000 रुपए मूल्य का 8.9 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया। सच्चाई सामने आते ही पुलिस ने शिकायतकर्ता बने गोपाल झोडगे को ही दबोच लिया और उसके खिलाफ वाड़ी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जब पुलिस ने गोपाल से पूछा कि वह यह प्रतिबंधित ड्रग्स कहां से लाया, तो उसने दावा किया कि यह ड्रग्स उसने एक महीने पहले ही महिला के पर्स से निकाला था। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी के पास ड्रग्स की खेप असल में कहां से आई थी। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े -अमरावती जेल में क्षमता से ज्यादा कैदी , स्टाफ की कमी और सुरक्षा व्यवस्था पर किया गया मंथन
Created On :   29 Jun 2026 6:45 PM IST














