Nagpur News: स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने पेश किया 6202.99 करोड़ का बजट

स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने पेश किया 6202.99 करोड़ का बजट
नगरसेवकों को मिलेगी 25 लाख की विकास निधि

Nagpur News मनपा स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी ने साल 2026-27 के लिए कुल 6202 करोड़ 99 लाख रुपए का बजट प्रस्तुत किया है। इसमे मनपा की आमदनी 5690 करोड़ 37 लाख और आरंभिक वर्ष में बचत की 512 करोड़ 61 लाख रुपए की राशि का समावेश है।

बजट में महिलाओं के लिए महापौर मायका योजना, मजदूरों के लिए विश्रामगृह, स्मार्ट प्रभाग, सावजी बुनकर और मारबत महोत्सव, उद्यान एवं मैदान विकास समेत महिलाओं के लिए स्मार्ट शौचालय की सौगात के पिटारे खोले गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि नाग नदी प्रदूषण मुक्त अभियान में म्युनिसिपल बांड से 200 करोड़ रुपए की निधि संकलन करने और मनपा मुख्यालय में शिवाजी महाराज की प्रतिमा को उभारने की घोषणा की गई है। बांड योजना में केन्द्र सरकार से 26 करोड़ रुपए की विशेष रियायत भी मिलने की उम्मीद जताई गई है। बजट में सामान्य जनता पर टैक्स बढ़ोतरी का कोई बोझ नहीं डाला गया है। अब नगरसेवकों को 25 लाख की विकास निधि मिलेगी।

विशेष बैग में बजट पुस्तिका : विगत 19 मई को स्थगित मनपा की विशेष सभा शनिवार को कविवर्य सुरेश भट सभागृह में हुई। अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे ने की। प्रस्तावित बजट में करीब 6202 करोड़ 48 लाख रुपए खर्च के बाद आर्थिक वर्ष के अंत में मनपा की तिजोरी में 50.18 लाख रुपए की राशि की बचत रहने की उम्मीद जताई है। बजट भाषण को आरंभ करने से पहले सभापति ने बजट को राजमाता जिजाऊ से लेकर ऑपरेशन सिंदूर में शहीद वीरों की माताओं को समर्पित किया। बजट पुस्तिका को सभी नगरसेवकों को विशेष बैग में उपलब्ध कराया गया। इस बैग को महिला बचत समूहों ने अंबाझरी तालाब से निकलने वाली जलपर्णी से तैयार किया है।


Created On :   28 Jun 2026 5:52 PM IST

Tags

Next Story