- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मेडिकल बोर्ड के प्रमाणपत्र के लिए...
Nagpur News: मेडिकल बोर्ड के प्रमाणपत्र के लिए 30 हजार की रिश्वत मांगने वाले सर्जरी विभाग प्रमुख व क्लर्क गिरफ्तार

Nagpur News भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) नागपुर ने मंगलवार को इंदिरा गांधी शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय (मेयो) के मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष एवं शल्य चिकित्सा विभाग के प्रमुख डॉ. नंदकिशोर कमलनारायण जायसवाल तथा क्लर्क (कनिष्ठ लिपिक) आशीष मेटेकर को रिश्वत मांगने के आरोप में हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ तहसील थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
शिकायत सही पाई गई : एसीबी से जुड़े सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता वर्धा उप-प्रादेशिक परिवहन कार्यालय में सहायक मोटर वाहन निरीक्षक हैं। तीन माह के मेडिकल अवकाश के बाद दोबारा सेवा में शामिल होने के लिए उन्हें मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट और प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना था। इसी प्रक्रिया के तहत उन्हें मेयो अस्पताल भेजा गया था। आरोप है कि डॉ. जायसवाल और क्लर्क मेटेकर ने प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में उनसे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच 20 हजार रुपए में सौदा तय हो गया। इसकी शिकायत मिलने पर एसीबी ने 24 जून को मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की मांग सही पाई गई।
देर रात गिरफ्तारी : सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया, लेकिन कार्रवाई के दौरान आरोपियों को शिकायतकर्ता पर संदेह होने से उन्होंने रिश्वत की रकम स्वीकार नहीं की। हालांकि रिश्वत मांगने के पर्याप्त सबूत मिलने पर एसीबी ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ तहसील थाने में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। देर रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी के पुलिस अधीक्षक डॉ. दिगंबर प्रधान, अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर एवं विजय माहुलकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपाधीक्षक महेश भोरटेकर व भारती गुरनुले के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र वैरागड़े और उनकी टीम ने कार्रवाई की।
Created On :   1 July 2026 4:10 PM IST















