- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चेहरा जला, पहचान नहीं हो सकी, अब...
Nagpur News: चेहरा जला, पहचान नहीं हो सकी, अब गंगाबाई की तलाश में पूरा शहर

Nagpur News सबूत मिटाने के इरादे से हत्यारे ने पहले एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या की और फिर उसका चेहरा व शव जलाकर पहचान खत्म करने की कोशिश की। लेकिन आधुनिक तकनीक ने अब इस साजिश को चुनौती दे दी है। नागपुर ग्रामीण के सावनेर पुलिस ने फेशियल रिकन्स्ट्रक्शन तकनीक की मदद से मृतका का संभावित चेहरा तैयार कर सार्वजनिक किया है, ताकि उसकी पहचान हो सके और इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को मौजा पाटणसावंगी के खेत में करीब 65 से 70 वर्ष की अज्ञात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। शव पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान और जलाने के प्रमाण मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी महिला को सुनसान स्थान पर लाया, साड़ी से पेड़ पर बांधा, फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत नष्ट करने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए मृतका के चेहरे का पुनर्निर्माण कराया है। साथ ही उसके कपड़ों, आभूषणों और शरीर पर मौजूद पहचान के निशानों की जानकारी भी सार्वजनिक की गई है। महिला की लंबाई करीब पांच फीट, रंग गेहुआं, शरीर दुबला-पतला और चेहरा लंबा है। उसने बैंगनी, नीले, कत्थई और हरे रंग की साड़ी, गहरे रंग का ब्लाउज, चांदी की पायल, काले मनकों की माला, दो लॉकेट और काले रंग की गलसरी पहन रखी थी।
मामले का सबसे अहम सुराग उसके शरीर पर बने टैटू हैं। बाएं हाथ पर मराठी में 'गंगाबाई' लिखा हुआ है, जिसके साथ पेड़ का चित्र बना है, जबकि दाएं हाथ पर भी पेड़ का टैटू बना हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि इन्हीं पहचान चिह्नों के आधार पर महिला की शिनाख्त हो सकेगी।
सावनेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि प्रकाशित चेहरा या "गंगाबाई" नाम का टैटू किसी परिचित महिला से मेल खाता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से पहले मृतका की पहचान होगी और फिर इस नृशंस हत्याकांड के आरोपी भी जल्द कानून के शिकंजे में होंगे।
Created On :   30 Jun 2026 5:44 PM IST















