Nagpur News: दावत में न आने का खौफनाक अंजाम, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

दावत में न आने का खौफनाक अंजाम, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
  • मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया
  • पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Nagpur News मोहर्रम की दावत में शामिल नहीं होने की बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जरीपटका थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल अभिषेक उर्फ मॉन्टी इंद्रजीत बोपचे (28) अपने मित्र पीयूष के साथ शाहू आटा चक्की से विटाभट्टी जाने वाले मार्ग स्थित एक प्रीकास्ट शेड के पास बैठकर बीयर पी रहा था। इसी दौरान परिचित गौरव विठ्ठल सावरकर (23) वहां पहुंचा और 29 जून को उसके घर आयोजित मोहर्रम के भोज में नहीं आने का कारण पूछते हुए गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में गौरव ने कमर से चाकू निकालकर अभिषेक के पेट, सीने, कंधे और पीठ पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद जख्मी अभिषेक की शिकायत पर जरीपटका पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ताकसांडे तथा उपनिरीक्षक अक्षय ठाकरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Created On :   2 July 2026 3:54 PM IST

Tags

Next Story