Nagpur News: युवा पर्वतारोहियों ने अल्पाइन स्टाइल में फतह किया भृगु लेक ट्रेक

युवा पर्वतारोहियों ने अल्पाइन स्टाइल में फतह किया भृगु लेक ट्रेक
दक्ष, तनिष्क का चुनौतीपूर्ण अभियान

Nagpur News नागपुर के युवा पर्वतारोही दक्ष खंते और तनिष्क देशपांडे ने हिमाचल प्रदेश के दुर्गम भृगु लेक ट्रेक को ‘अल्पाइन स्टाइल’ में सफलतापूर्वक पूरा किया है। ऐसा कर उन्होंने साहस, आत्मनिर्भरता और अनुशासन का परिचय दिया। ‘अल्पाइन स्टाइल’ ट्रेकिंग पर्वतारोहण की सबसे चुनौतीपूर्ण शैलियों में से एक मानी जाती है, जिसमें ट्रेकर्स न्यूनतम संसाधनों के साथ अपना संपूर्ण सामान, भोजन और आश्रय स्वयं अपनी पीठ पर लेकर आधार शिविर से अंतिम गंतव्य तक बिना अतिरिक्त सहायता के एक ही प्रयास में अभियान पूरा करते हैं।

दक्ष और तनिष्क के साथ देश के विभिन्न स्थानों से आए 6 अन्य ट्रेकर्स भी इस 3 दिवसीय अभियान का हिस्सा बने। सभी 8 प्रतिभागियों ने कठिन पर्वतीय मार्ग, बदलते मौसम और सीमित संसाधनों के बीच सफलतापूर्वक ट्रेक पूरा कर अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया।

एडवेंचर का संदेश : भृगु लेक ट्रेक के दौरान प्रतिभागियों को हिमालयी वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें आउटडोर जीवन शैली, आत्मनिर्भरता, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवित रहने के कौशल और जिम्मेदार साहसिक पर्यटन के महत्व को समझने का अवसर मिला। साथ ही हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जानने का अनुभव मिला। अभियान के सफल समापन पर सीएसी ऑलराउंडर की ओर से सभी 8 ट्रेकर्स का अभिनंदन किया गया।

संस्था ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे साहसिक अभियानों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


Created On :   2 July 2026 5:01 PM IST

Tags

Next Story