नागपुर: दत्तात्रेय होसबाले ही संघ के सरकार्यवाह रहेंगे, नई टीम पर चल रहा है मंथन

दत्तात्रेय होसबाले ही संघ के सरकार्यवाह रहेंगे, नई टीम पर चल रहा है मंथन
  • सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ही होंगे
  • क्षेत्र पदाधिकारियों की सहमति से फिर से सरकार्यवाह चुना
  • संघ की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ही होंगे। शनिवार को संघ की प्रतिनिधि सभा में प्रांत व क्षेत्र पदाधिकारियों की सहमति से उन्हें फिर से सरकार्यवाह चुना गया। हालांकि संघ की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

संघ की नई टीम अर्थात नई कार्यकारिणी को लेकर भी मंथन चल रहा है। रविवार को संघ की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में इस संबंध में संपूर्ण जानकारी दी जाएगी। संघ सूत्र के अनुसार संघ में इस बात पर सहमति बनी है कि 75 की उम्र के बाद किसी पदाधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। होसबाले 68 वर्ष के हैं।

संघ के शताब्दी वर्ष समारोह संबंधी कार्यक्रमों को उनके मार्गदर्शन में पूरा किया जाएगा। सरकार्यवाह का सामान्य संगठनों के लिहाज से महासचिव भी कहा जा सकता है। यह संघ में सरसंघचालक के बाद दूसरे क्रमांक का पद है। संगठनात्मक नीति, रणनीति तैयार करने व उसे अमल में लाने में सरकार्यवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। संघ की कार्यकारिणी सरकार्यवाह के नेतृत्व में ही काम करती है।

सरसंघचालक केवल पालक की भूमिका में रहते हैं। होसबाले को 2021 में सरकार्यवाह चुना गया था। 15 वर्ष तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रहे होसबाले जेपी आंदाेलन में जेल भी गए थे। चुनावी वर्ष में संघ व भाजपा के मिशन साउथ के तहत होसबाले का पद पर बने रहना पहले से ही तय माना जा रहा है।

संघ सूत्र के अनुसार संघ की कार्यकारिणी में कुछ बड़े बदलाव साफ नजर आएंगे। युवा पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा। सह सरकार्यवाह पद पर भी बदलाव किया जा रहा है। रविवार को संघ की प्रतिनिधि सभा का समापन होगा। उसमें भाजपा के अध्यक्ष जगतप्रसाद नड्डा भी शामिल होंगे।



Created On :   17 March 2024 9:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story