- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- रिमझिम बारिश के बीच गुरुबाणी कीर्तन...
Nagpur News: रिमझिम बारिश के बीच गुरुबाणी कीर्तन से गूंजा दीपक नगर, प्रभात फेरी का हुआ भव्य स्वागत

Nagpur News. गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उपराजधानी के सभी गुरुद्वारों से इन दिनों प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। आज का दिन विशेष बन गया, जब रिमझिम फुहारों के बीच गुरुबाणी कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर दिया।
रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया। इसके बाद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष रंजीत सिंह ताक ने अपने निवास स्थान पर संगत का अभिनंदन किया। आतिशबाज़ी और फूलों की वर्षा से पूरा मार्ग भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया।
सड़कों पर बिछे फूलों से दृश्य अलौकिक और भावविभोर कर देने वाला प्रतीत हो रहा था।
गुरुद्वारा श्री गुरु हरगोबिंद साहिब, दीपक नगर से निकली प्रभात फेरी ने पूरे क्षेत्र में खालसाई रंग बिखेर दिया। प्रभात फेरी की शुरुआत अरदास के साथ हुई, जिसके बाद संगत ने ‘झिम झिम बरसे अमृतधारा, मन पीवे सुन शबद विचारा’ जैसे पवित्र शब्दों का गायन किया।
आगामी 5 नवंबर (बुधवार) को गुरु नानक पात्शाह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों से प्रभात फेरियां निकल रही हैं और लंगर सेवा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें संगत बड़ी संख्या में भाग ले रही है।
Created On :   30 Oct 2025 8:27 PM IST












