Nagpur News: रेल रोको आंदोलन का आगाज,किसानों के तेवर देख प्रशासन हलाकान

  • बच्चू कड़ू के नेतृत्व में महा एलगार मोर्चा ने पकड़ा विकराल स्वरुप
  • महामार्गों पर लगी वाहनों की लंबी कतारें
  • आवश्यक सेवाएं पड़ी ठप

Nagpur News किसान कर्जमाफी सहित विविध मांगो को लेकर जारी आंदोलन ने तीव्र रुप धारण कर लिया है। नागपुर के आसपास के महामार्गों पर यातायात ठप्प हो गया है। इस बीच बुधवार को दोपहर में रेल रोको आंदोलन का आगाज कर दिया गया। प्रदर्शनकारी मांग पर अड़े है कि त्वरित मांग पूरी की जाये। हालांकि समाचार लिखे जाने तक रेल यातायात यथावत है। सभी मार्गो को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रहार जनशक्ति संगठन के अध्यक्ष बच्चू कड़ू के नेतृत्व में महा एल्गार महामोर्चा निकाला गया । 122 किमी का प्रवास तय कर यह मोर्चा नागपुर के पास बूटीबोरी में मंगलवार को पहुंचा। मंगलवार की शाम तक हैदराबाद, जबलपुर, अमरावती, भंडारा सहित अन्य मार्ग अवरुद्ध हो गए। चंद्रपुर मार्ग पर 15 से 20 किमी तक वाहनों की कतार लग गई। यातायात थम जाने से वर्धा मार्ग पर आवश्यक सेवा सुविधाएं भी प्रभावित हुई। समृद्धि महामार्ग पर भी प्रदर्शन किया जा रहा है। वर्धा मार्ग पर एम्स, विवेकानंद कैंसर इस्टीट्यूट सहित अन्य बड़ी स्वास्थ्य उपाचार संस्थाएं है। विमानतल भी पास में ही है। आंदोलन के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

बच्चू कड़ू के अलावा पूर्व सांसद राजू शेटटी, पूर्व मंत्री महादेव जानकर, किसान नेता विजय जावंधिया सहित अन्य नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। सैकड़ों ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के साथ बुधवार को भी किसान पहुंचे। मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात में बच्चू कडू, जानकर सहित अन्य नेताओं ने महामार्ग पर ही रात्रि विश्राम किया। प्रदर्शनकारियों ने 22 मांग प्रमुखता से रखी है। इनमें दिव्यांगों को 6 हजार रुपये मानधन, मच्छीमारों को सहायता सहित विविध मांगों का समावेश है। बच्चू कड़ू ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर चर्चा की है। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी प्रदर्शनकारियों से फोन पर संपर्क में है। लेकिन दोनों पक्ष के बीच आमने सामने बात नहीं हो पायी है। बच्चू कड़ू ने संवाद माध्यम को बताया कि बातचीत के लिए सरकार का प्रतिनिधि भी प्रत्यक्ष में उनकेपास नहीं पहुंचा है। चर्चा के लिए मुंबई बुलाया जा रहा है। जबकि हम मांग पूरी किए बिना आंदोलन वापस नहीं लेंगे। प्रदर्शन पर नियंत्रण के लिए बड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है। पुलिस आयुक्त डॉ.रवींद्र सिंगल आंदोलन स्थल पर है। सीआरपीएफ, एसआरपीएफ, रेलवे पुलिस को भी बंदोबस्त में लगाया गया है।


Created On :   29 Oct 2025 1:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story