Nagpur News: ऑप्शन चार, पोस्टिंग पांचवीं... पुलिस महकमे में तबादलों पर बवाल

ऑप्शन चार, पोस्टिंग पांचवीं... पुलिस महकमे में तबादलों पर बवाल
  • जंबो ट्रांसफर सूची से बढ़ी नाराजगी
  • पसंदीदा शाखा की आस लगाए कर्मियों को लगा झटका

Nagpur News नागपुर शहर पुलिस की जंबो तबादला सूची जारी होते ही पुलिस महकमे में असंतोष की लहर दौड़ गई। वर्षों से मनचाही पोस्टिंग की उम्मीद लगाए बैठे कई पुलिसकर्मियों को उस समय निराशा हाथ लगी, जब चार-चार विकल्प देने के बावजूद उनकी नियुक्ति किसी और शाखा में कर दी गई। शुक्रवार को पुलिस आयुक्तालय में तबादले को लेकर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी आपत्तियां लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के दरवाजे पर पहुंचे।

क्राइम-ट्रैफिक पहली पसंद, लेकिन मिली दूसरी राह : तबादला प्रक्रिया से पहले कर्मचारियों से चार पसंदीदा स्थानों के विकल्प मांगे गए थे। अधिकांश ने क्राइम ब्रांच, ट्रैफिक, मुख्यालय या घर के नजदीकी थानों को प्राथमिकता दी थी। लेकिन सूची जारी होने के बाद कई कर्मचारियों को इन विकल्पों से अलग स्थानों पर भेज दिया गया। इससे पुलिसकर्मियों में यह चर्चा शुरू हो गई कि जब विकल्पों पर अमल नहीं होना था, तो उन्हें भरवाने का औचित्य क्या था।

पहले की सूची ने भी बढ़ाई थी नाराजगी : सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले 33 कर्मचारियों की एक अलग तबादला सूची जारी की गई थी। इसमें कई कर्मचारियों को मुख्यालय, वायरलेस और साइबर जैसी चर्चित शाखाओं में पोस्टिंग मिलने की चर्चा रही। इसके बाद बाकी कर्मचारियों में पहले से ही असंतोष था। अब जंबो सूची आने के बाद यह नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा मामला : तबादले से असंतुष्ट करीब 70 से 80 कर्मचारियों ने शुक्रवार को सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। अधिकांश ने वृद्ध माता-पिता की देखभाल, बच्चों की पढ़ाई और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए तबादले पर पुनर्विचार की मांग की।

जरूरतमंदों के मामलों पर होगा विचार : सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग सेवा का अनुशासित बल है और तबादले प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार किए जाते हैं। हालांकि जिन कर्मचारियों की पारिवारिक परिस्थितियां वास्तव में गंभीर हैं, उनके मामलों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके कुछ कर्मचारियों को नियमों के तहत कार्यकाल बढ़ाया गया है।

तबादलों में कितने अधिकारी-कर्मी प्रभावित

पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) – 14

सहायक उपनिरीक्षक (ASI) – 93

हवलदार – 281

नायक पुलिस – 7

पुलिस अंमलदार – 283

बॉक्स : 'कमिटमेंट' की चर्चा भी गर्म

तबादला सूची के बाद पुलिस महकमे में कथित 'कमिटमेंट' और पसंदीदा पोस्टिंग को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। कई कर्मचारियों का कहना है कि अपेक्षित स्थान नहीं मिलने से वे निराश हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों को कार्यकाल बढ़ाने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तबादला आदेशों पर पुनर्विचार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


Created On :   4 July 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story