- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कोंबिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई,...
Nagpur News: कोंबिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई, घर से पिस्टल, कारतूस और तलवार बरामद

Nagpur News नागपुर शहर में चलाए जा रहे कोंबिंग अभियान के दौरान अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा विभाग और सक्करदरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक रिकॉर्डधारी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर पर छापेमारी में देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और धारदार तलवार बरामद की गई। पुलिस ने कुल 73 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार तड़के शहरभर में कोंबिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रिकॉर्डधारी आरोपियों की जांच के बीच गुप्त सूचना मिली कि सक्करदरा थाना क्षेत्र के भांडे प्लॉट चौक स्थित सुदामपुरी निवासी प्रेमसिंह जितेंद्र बैस (22) ने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं।
सूचना के आधार पर सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने दो पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से एक देसी लोहे की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस तथा एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी का एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
यह भी पढ़े -आरएसएस ने तोड़ी चुप्पी - होसबोले बोले, दोषियों को मिले सख्त सजा, अब चंपत और अन्य की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
जब्त सामग्री में पिस्टल की कीमत 50 हजार रुपये, पांच कारतूस 5 हजार रुपये, तलवार 3 हजार रुपये तथा मोबाइल 15 हजार रुपये का है। कुल 73 हजार रुपये का माल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज : पुलिस ने आरोपी प्रेमसिंह बैस के खिलाफ भारतीय आयुध अधिनियम की धारा 3/25, 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत सक्करदरा थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Created On :   4 July 2026 6:16 PM IST













