पोल्यूशन: तापमान गिरने के बावजूद सर्दी नहीं

पोल्यूशन का असर, स्वास्थ्य खतरे में

Anita Peddulwar
Update: 2023-11-14 05:22 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले 48 घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी आई है। तापमान में कमी आने के बावजूद शहरवासियों को सर्दी का एहसास नहीं हो रहा। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जानकारों की मानें तो प्रदूषण बढ़ने से सर्दी महसूस नहीं हो रही।

सर्दी के लिए अभी इंतजार : मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान जितना गिरेगा, उतनी ठंडी ज्यादा महसूस होगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान आैसत से कम रहा। तापमान गिरने पर सर्दी का एहसास होना चाहिए, लेकिन शहर में जिस तरह आतिशबाजी हुई, उस कारण वातावरण में गर्मी पैदा हो गई है। वायु प्रदूषण के कारण वातावरण में गर्माहट आ गई है। ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ा हुआ है। वाहनों से निकलने वाली गर्माहट भी ठंडी को कम करने का काम कर रही है। मंगलवार व बुधवार को मुख्यत: आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है। सर्दी के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। 

दिसंबर के मध्य में सर्दी : उत्तर भारत में तगड़ा पश्चिमी विक्षोभ नहीं बन रहा। जम्मू-कश्मीर, पंजाब व हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, लेकिन तगड़ा पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने से इसका इधर असर नहीं हो रहा। उत्तर भारत में बर्फबारी होने के बाद बर्फ पिघलेगी आैर उसके बाद यहां सर्द हवाएं आएंगी। दिसंबर के मध्य में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है।

Tags:    

Similar News