फ्रॉड: साइबर अपराध ,शेयर खरीदी-बिक्री का झांसा देकर महिला से की 9.81 लाख की ठगी

  • घर बैठे कमाई करने का लालच दिया
  • पहले मामूली रकम भेज विश्वास जीता, फिर धोखाधड़ी
  • हुडकेश्वर पुलिस में मामला दर्ज

Anita Peddulwar
Update: 2024-02-09 08:51 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिला साइबर अपराधी ने महिला को लाखों रुपए से चूना लगा दिया। घटना को टास्क पूरा करने तथा शेयर खरीदी-बिक्री करने का झांसा देकर अंजाम दिया।  हुड़केश्वर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।

पार्टटाइम जॉब ऑफर किया : पीड़ित 33 वर्षीय महिला हुड़केश्वर थाना क्षेत्र निवासी है। घटना 17 से 22 अगस्त 2023 के बीच हुई। पीड़िता को रोजा नामक महिला ने पार्टटाइम जॉब ऑफर किया। इसके लिए उसने पीड़िता के मोबाइल पर लिंक भेजी। घर बैठे कमाई करने का लालच दिया। उसके लिए पीड़िता को दिए टास्क पूरा करने के लिए कहा। शुरूआत में महिला के खाते में लाभ के तौर पर मामूली रकम जमा की और पीड़िता का विश्वास हासिल किया। बाद में उसे शेयर मार्केट में भी निवेश करने के लिए कहा। उसमें भी टास्क वाली स्कीम से ज्यादा लाभ होने का झांसा दिया। झांसे में आयी पीड़िता का किसी वेबसाइट पर ऑनलाइन खाता भी बना दिया। विविध कंपनियों के शेयर खरीदी-बिक्री करने की आड़ में उसे ऑनलाइन 9.81 लाख रुपए से चूना लगाया दिया। घटना के तत्काल बाद आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित बैंक और पुलिस में शिकायत की गई। जांच-पड़ताल में घटना की पुष्टि होने पर गुरुवार को प्रकरण दर्ज किया गया। 

डकैती डालने की योजना बनाते समय चार आरोपी गिरफ्तार : सक्करदरा क्षेत्र में डकैती डालने की योजना बनाते समय पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोच लिया। एक आरोपी भाग गया। अारोपियों से 1.11 लाख का माल जब्त किया गया। पकड़े गए आरोपियों में कुछ पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच की यूनिट-4 की टीम को 8 फरवरी को तड़के 3.10 से 4.30 बजे गश्त के बीच सूचना मिली कि, कुछ आरोपी सक्करदरा तालाब के पास लक्ष्मी नारायण मंदिर के बगल में खुली जगह में बैठकर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।

टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सोहेल उर्फ बिट्टू शेख फारूख (20), आजाद काॅलोनी, बड़ा ताजबाग, शेख नाहिद शेख नदीम (23), ऊंटखाना, छिंदवाड़ा (म.प्र.), अहमद शेख उर्फ पाशा मुख्तार शेख (23), यासीन प्लाॅट, बड़ा ताजबाग और अयान अली रिजवान अली (18), एकमिनार मस्जिद के पास, बड़ा ताजबाग निवासी को धरदबोचा। आरोपी शेख अजीम शेख हमीद, समोसा मैदान, बड़ा ताजबाग चकमा देकर फरार हो गया। आरोपियों से दो शस्त्र, एक कटौनी, मिर्ची पाउडर, रस्सी, दो मोबाइल व दोपहिया वाहन सहित करीब 1 लाख 11 हजार रुपए का माल जब्त किया है। आरोपियों पर धारा 399, 402 व सहधारा 4, 25, 135 के तहत कार्रवाई की गई।

Tags:    

Similar News