नागपुर: बीमार महिला से सामूहिक दुष्कर्म - दो गिरफ्तार, आरोपी खुद के घर पर ले गया था

  • सड़क पर बदहवासी में भाग रही थी पीड़िता
  • आरोपी खुद के घर पर ले गया था

Tejinder Singh
Update: 2024-04-29 12:48 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. एक बीमार महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लोहमार्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तिरोडा क्षेत्र की 48 वर्षीय पीड़ित महिला पति के साथ रहती है। कुछ दिनों से वह बीमार थी। उसे तिरोडा स्थित शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी हुई, तो पति के अक्सर विवाद को देखते हुए वह घर जाने के बजाय मध्यप्रदेश में रहने वाली बहन के घर जाने के लिए तिरोड़ा रेलवे स्टेशन पर गई।

वह ट्रेन का इंतजार कर रही थी। उसके पास एक 40 वर्षीय व्यक्ति बैठा था। बातों ही बातों में उसने कहा कि वह भी मध्यप्रदेश में बहन के घर जा रहा है। तिरोडा से कटंगी पहुंचने पर उसने दोपहिया वाहन पर उसे छोड़ने का लालच दिया। पीड़िता भराेसा कर उसके साथ दोपहिया वाहन पर बैठ गई। उस दौरान रात हो चुकी थी। कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोपी ने महिला से जबरन दुष्कर्म किया। फिर सहयोगी रामू को बुलाया। उसने भी पीड़िता से दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों आरोपी दोपहिया वाहन पर बैठकर फरार हो गए।

सड़क पर बदहवासी में भाग रही थी पीड़िता

घटना के बाद पीड़िता बदहवासी में भाग रही थी। वह पहले ही बीमार थी, इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म से वह दहशत में आ चुकी थी। वह घबराई हुई अवस्था में सड़क पर भागती जा रही थी। कुछ लोग उसे इस हालत में देख दवनीवाडा पुलिस थाने में लेे गए। शनिवार की रात करीब 10 बजे गोंदिया लोहमार्ग पुलिस थाने में ले जाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रतिभा राऊत कर रही हैं।

आरोपी खुद के घर पर ले गया था

शुरूआत में आरोपी पीड़िता को मामा के घर ले गया था। मामा ने पूछताछ की और महिला को सुरक्षित उसी जगह पर ले जाकर छोड़ने को कहा, जहां से उसे लाया था। लेकिन आरोपी उसे अपने घर लेकर चला गया। अंदर चलने को कहने लगा, तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद दोपहिया वाहन पर बैठाकर उसे वह ले गया और घटना को अंजाम दिया।

Tags:    

Similar News