नागपुर: फांसी लगाने से पहले पहुंचे पुलिस ने बचाई जान - दरवाजा तोड़ फंदे से उतारा

  • सूचना मिली तो गश्त पर थे
  • दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा

Tejinder Singh
Update: 2024-04-04 13:10 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. अजनी थाने के बीट मार्शल क्रमांक 1 के दो पुलिस जवान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिलने पर रेलवे क्वार्टर अजनी में पहुंचे और फांसी लगाने का प्रयास कर रहे 38 वर्षीय व्यक्ति की जान बचाई। इस उल्लेखनीय व सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त डा रवींद्र कुमार सिंगल ने दोनों बीट मार्शल पुलिस जवानों का सत्कार किया। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अजनी थाने के बीट मार्शल क्रमांक 1 में कार्यरत नायब पुलिस सूर्यकांत तिवारी और सिपाही दीपक धांडे गत 2 अप्रैल को अजनी परिसर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान दोनों बीट मार्शल को फोन द्वारा जानकारी मिली कि अजनी रेलवे क्वार्टर में एक व्यक्ति फांसी लगाने का प्रयास कर रहा है।

जानकारी मिलने पर अजनी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन चामट के नेतृत्व में दोनों बीट मार्शल घटनास्थल पर पहुंचे। अजनी रेलवे क्वार्टर नंबर जे/53/एच का दरवाजा अंदर से बंद था। इस कमरे में घरेलू कलह के चलते रवि सकरु बोडा (38) नामक व्यक्ति सीलिंग पंखे में साड़ी बांधकर फांसी लगाते दिखाई दिया।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बीट मार्शल सूर्यकांत तिवारी और दीपक धांडे दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे और फांसी के फंदे से रवि बोडा को नीचे उतारकर उसकी जान बचाई।

पुलिस भवन में अभिनंदन

दोनों बीट मार्शल ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सकारात्मक कर्तव्य तत्परता से निभाते हुए फांसी लगाने वाले व्यक्ति की जान बचाने के लिए महती भूमिका निभाई। दोनों बीट मार्शल द्वारा उल्लेखनीय कार्रवाई करने पर जनमानस में पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण की।

इसके चलते पुलिस आयुक्त ने दोनों बीट मार्शल काे पुलिस भवन बुलाकर उनकी प्रशंसा कर संपूर्ण टीम का अभिनंदन किया।


Tags:    

Similar News